हिसार की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा पाकिस्तान यात्राओं और वहां के लोगों से संपर्कों को लेकर विवादों में घिर गई हैं। इस बीच उनके पिता हरीश मल्होत्रा ने बेटी का समर्थन करते हुए बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि ज्योति का मकसद सिर्फ यूट्यूब के लिए कंटेंट बनाना था। वह पाकिस्तान और अन्य देशों की यात्रा वीडियो शूट के लिए करती थी और उसके पास हर बार जरूरी परमिशन होती थी।

हरीश मल्होत्रा ने कहा, “अगर उसकी कुछ दोस्ती पाकिस्तान में हैं तो क्या वह उनसे बात भी नहीं कर सकती? इसका मतलब यह नहीं कि वह कोई गलत काम कर रही है। उसकी सभी यात्राएं कंटेंट निर्माण के लिए थीं।”
पिता की प्रशासन से अपील
हरीश मल्होत्रा ने यह भी बताया कि अब तक उनका और परिवार के अन्य सदस्यों का मोबाइल जब्त कर लिया गया है और केस भी दर्ज कर दिया गया है, जबकि उन्होंने कोई अपराध नहीं किया। उन्होंने प्रशासन से अपील करते हुए कहा, “हमारी कोई मांग नहीं है, बस हमारे मोबाइल वापस कर दिए जाएं।”
ज्योति के वीडियो से सामने आए पाकिस्तान से जुड़े तथ्य
मामले ने तब तूल पकड़ा जब ज्योति के यूट्यूब चैनल पर पाकिस्तान यात्रा से जुड़े करीब 7 वीडियो सामने आए, जिनमें लाहौर और अन्य शहरों की झलक दिखाई गई है। पुलिस का आरोप है कि ज्योति ने पाकिस्तान के खुफिया अधिकारियों से संवेदनशील जानकारी साझा की और भारत में पाकिस्तान की सकारात्मक छवि पेश करने की कोशिश की।
रिपोर्ट के मुताबिक, ज्योति अब तक पाकिस्तान के चार दौरे कर चुकी हैं, जहां उन्हें पाकिस्तानी अधिकारियों की ओर से ठहरने में मदद भी मिली थी। वह पाकिस्तान हाई कमीशन द्वारा आयोजित रमजान इफ्तार पार्टी में भी शामिल हुई थीं। इंस्टाग्राम पर उन्होंने लाहौर को ‘पाकिस्तान की सांस्कृतिक राजधानी’ बताया था, जो अब उनकी प्रोफाइल में पिन की गई पोस्ट के रूप में मौजूद है।
परिवार का कहना है कि इन यात्राओं में कुछ भी गैरकानूनी नहीं है और ज्योति का उद्देश्य केवल यूट्यूब करियर को आगे बढ़ाना था।





