HomeNewsउत्तराखंड: प्रदेश में किराएदारों की होगी मौजूदा पते पर जनगणना, 40 सवालों...

उत्तराखंड: प्रदेश में किराएदारों की होगी मौजूदा पते पर जनगणना, 40 सवालों के जवाब पूरी तरह गोपनीय

Date:

देहरादून: उत्तराखंड में जनगणना-2027 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार जनगणना के दौरान व्यक्ति की गणना उसके वर्तमान निवास स्थान के आधार पर की जाएगी। यानी जो व्यक्ति जहां रह रहा है, उसकी जनगणना भी वहीं होगी। किराए के मकानों में रहने वाले लोगों की गणना भी उसी मकान में की जाएगी, जहां वे वर्तमान में रह रहे हैं। निदेशक जनगणना इवा आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि जनगणना के दौरान लोगों से कुल 40 बिंदुओं पर जानकारी ली जाएगी। यह पूरी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय, RTI और न्यायालय के दायरे से बाहर

निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान लोगों से पूछे जाने वाले सवालों के जवाब पूरी तरह गोपनीय रहेंगे। जनगणना अधिनियम 1948 के तहत एकत्रित व्यक्तिगत आंकड़ों को सूचना का अधिकार अधिनियम (RTI) या किसी भी न्यायालय के समक्ष प्रकट नहीं किया जा सकता। सरकार भी जनगणना के बाद केवल समेकित आंकड़े जारी करती है, किसी व्यक्ति की व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाती।

उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 में इस्तेमाल होने वाले डिजिटल उपकरणों में मजबूत एन्क्रिप्शन और बहुस्तरीय प्रमाणीकरण जैसी सुरक्षा व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि लोगों के आंकड़ों की सुरक्षा और गोपनीयता सुनिश्चित की जा सके।

जनगणना के लिए 34,443 ब्लॉक निर्धारित, हजारों कर्मचारी तैनात

इवा आशीष श्रीवास्तव के अनुसार, राज्य में जनगणना को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। इसके लिए प्रदेश में कुल 34,443 गणना ब्लॉक निर्धारित किए गए हैं। इनमें 26,830 प्रगणक और 4,676 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। अब तक 29,515 प्रगणकों और 5,223 पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

प्रशिक्षण प्रक्रिया के लिए 23 मास्टर ट्रेनर और 570 फील्ड ट्रेनर लगाए गए हैं। इसके तहत कुल 712 प्रशिक्षण बैच आयोजित किए गए हैं।

आधार और वोटर ID नंबर देना वैकल्पिक

जनगणना के दौरान लोगों को आधार नंबर और मतदाता पहचान पत्र (वोटर आईडी) नंबर देना अनिवार्य नहीं होगा। ये दोनों जानकारियां वैकल्पिक रखी गई हैं। प्रगणक घर-घर जाकर परिवार के प्रत्येक सदस्य से निर्धारित प्रश्नों के आधार पर जानकारी एकत्रित करेंगे।

जनगणना के दौरान नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्मतिथि, आयु, वैवाहिक स्थिति, राष्ट्रीयता, धर्म, जाति, मातृभाषा, साक्षरता, शैक्षिक स्तर, आर्थिक गतिविधियों, व्यवसाय, जन्म स्थान, पूर्व निवास स्थान और प्रवास के कारण समेत कुल 40 बिंदुओं पर जानकारी ली जाएगी।

इसके अलावा अधिसूचना में निर्धारित प्रावधानों के तहत बैंक खातों की संख्या, मोबाइल नंबर, आधार नंबर, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता से संबंधित जानकारी भी एकत्रित की जाएगी।

जनगणना से जुड़ी जानकारी के लिए हेल्पलाइन जारी

जनगणना प्रक्रिया के दौरान लोगों की सुविधा और सहायता के लिए व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 18001801855, 9456120332 और 9456551589 जारी किए गए हैं। इसके अलावा जनगणना से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क किया जा सकता है।

सैन्य क्षेत्रों में ऑफलाइन होगी जनगणना

संयुक्त निदेशक एसएस नेगी ने बताया कि प्रदेश के सैन्य क्षेत्रों में जनगणना की प्रक्रिया अलग से संचालित की जाएगी। इन क्षेत्रों में सेना के अधिकारी और कर्मचारी ही जनगणना का कार्य करेंगे। संवेदनशीलता को देखते हुए सैन्य क्षेत्रों में डिजिटल स्व-गणना की सुविधा नहीं होगी। यहां एक दिसंबर से ऑफलाइन माध्यम से जनगणना कराई जाएगी।

संस्कृत जानने वाले लोग मातृभाषा के विकल्प में जरूर दें जानकारी

सचिव जनगणना एवं संस्कृत शिक्षा दीपक कुमार ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि जो लोग संस्कृत भाषा जानते हैं, वे जनगणना के दौरान भाषा से जुड़े सवाल के जवाब में संस्कृत का विकल्प जरूर चुनें। उन्होंने कहा कि संस्कृत उत्तराखंड की दूसरी राजभाषा है और जनगणना में इसकी जानकारी दर्ज होने से भाषा को प्रोत्साहन मिलेगा।

उन्होंने बताया कि जनगणना के सफल संचालन के लिए राज्य सरकार और जनगणना निदेशालय आपसी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं।

Latest stories

उत्तराखंड बस हादसा: 9 लोगों की मौत, 25 घायल; एम्स ऋषिकेश पहुंचे CM धामी, मुआवजे का ऐलान

देहरादून: उत्तराखंड में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह...

Udham Singh Nagar : सीएम धामी की बड़ी सौगात, 54 लाख की लागत से बनी धर्मशाला का किया उद्घाटन

खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अपने...