HomeUdhamSinghNagarरुद्रपुर पहुंचते ही भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन का जोरदार स्वागत, त्रिशूल चौक...

रुद्रपुर पहुंचते ही भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन का जोरदार स्वागत, त्रिशूल चौक पर उमड़ा जनसैलाब

Date:

रुद्रपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के रुद्रपुर आगमन पर गुरुवार को पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। शहर के विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत शिविर लगाकर उनका अभिनंदन किया, जबकि त्रिशूल चौक पर विशेष स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया।

 

त्रिशूल चौक पहुंचने पर महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में भाजपा पार्षदों और बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस अवसर पर महापौर ने नितिन नबीन को सम्मान स्वरूप त्रिशूल भेंट किया। इसके अलावा आर्क होटल में आयोजित पंजाबी गौरव सम्मेलन के दौरान भी महापौर ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष का काफिला जैसे ही त्रिशूल चौक पहुंचा, भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी और पुष्पवर्षा के साथ उनका स्वागत किया। कुछ समय के लिए यहां रुके काफिले के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सांसद अजय भट्ट, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष की नजर नगर निगम द्वारा त्रिशूल चौक पर स्थापित विशाल त्रिशूल पर भी गई। उन्होंने इसकी भव्यता की सराहना करते हुए शहर के प्रमुख चौराहे को आकर्षक स्वरूप देने के प्रयासों की प्रशंसा की।

राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपने बीच पाकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। कार्यकर्ता लगातार पार्टी के समर्थन में नारे लगाते रहे, जबकि नितिन नबीन ने हाथ हिलाकर उनका अभिवादन स्वीकार किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान त्रिशूल चौक भाजपा के झंडों, नारों और पुष्पवर्षा से उत्सवमय माहौल में नजर आया।

स्वागत कार्यक्रम के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का काफिला पंजाबी गौरव सम्मेलन में भाग लेने के लिए आर्क होटल रवाना हो गया।

इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, जितेंद्र गौतम, पवन राणा, बीनू सहित भाजपा के कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Latest stories