नई दिल्ली: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने अपने संगठन को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए कुँवर आसिम ख़ान को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। यह जिम्मेदारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने उन्हें सौंपी है।

कुँवर आसिम ख़ान लंबे समय से लोक जनशक्ति पार्टी से जुड़े रहे हैं और उन्होंने स्वर्गीय रामविलास पासवान के मार्गदर्शन में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। पार्टी संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका, समर्पण और मेहनत को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।
आसिम ख़ान ने संगठन में कई अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं। उन्होंने सबसे पहले पार्टी के राष्ट्रीय छात्र विंग अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। इसके बाद उन्हें राष्ट्रीय युवा मोर्चा अध्यक्ष और फिर राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। हर पद पर उन्होंने संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए सक्रिय भूमिका निभाई।

पार्टी नेताओं का कहना है कि कुँवर आसिम ख़ान ने वर्षों तक निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने का काम किया है। उनकी संगठनात्मक क्षमता और राजनीतिक अनुभव को देखते हुए उन्हें अब राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जैसे अहम पद की जिम्मेदारी दी गई है।
उनकी नियुक्ति पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई है कि आसिम ख़ान के नेतृत्व और अनुभव से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को राष्ट्रीय स्तर पर नई मजबूती मिलेगी और संगठन का विस्तार और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ेगा।





