देहरादून: उत्तराखंड में हवाई सेवाओं के विस्तार को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा रोडमैप तैयार करना शुरू कर दिया है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में नागरिक उड्डयन विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों को चरणबद्ध तरीके से देहरादून से हवाई सेवा के माध्यम से जोड़ा जाए।
उन्होंने कहा कि पर्वतीय राज्य में हेलिपोर्ट और हेलीपैड केवल परिवहन का माध्यम नहीं, बल्कि आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं और पर्यटन के लिए भी जीवनरेखा साबित होंगे। इसलिए पूरे प्रदेश में आधुनिक हवाई ढांचे का तेजी से विस्तार किया जाना चाहिए।
![]()
पौड़ी और लैंसडाउन को भी मिलेगी हवाई कनेक्टिविटी
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को पौड़ी को नियमित हवाई सेवा से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण लैंसडाउन को भी हवाई नेटवर्क से जोड़ने की संभावनाओं पर तेजी से काम करने को कहा।
ऊधम सिंह नगर में बनेगी एविएशन एकेडमी
प्रदेश में पायलट प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के लिए मुख्य सचिव ने ऊधम सिंह नगर के पराग फार्म में एविएशन एकेडमी और पायलट ट्रेनिंग स्कूल स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। इससे उत्तराखंड में विमानन क्षेत्र में प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है।
बदरीनाथ और केदारनाथ में जल्द बनेंगे एयर ट्रैफिक कंट्रोल
मुख्य सचिव ने बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में जल्द एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) स्थापित करने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि एटीसी के लिए आवश्यक सिविल निर्माण कार्य राज्य सरकार कराएगी, जबकि तकनीकी सहायता और मैनपावर की व्यवस्था एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) द्वारा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ रही हवाई सेवाओं को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए एयर ट्रैफिक कंट्रोल नेटवर्क का विस्तार बेहद जरूरी है।
हवाई सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक पर जोर
मुख्य सचिव ने उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) को पूरे प्रदेश में एयर ट्रैफिक कंट्रोल नेटवर्क विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन (AWS) और पीटीजेड (PTZ) कैमरे स्थापित कर हवाई सुरक्षा को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
इसके लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
दूरस्थ क्षेत्रों में बढ़ेगा हवाई नेटवर्क
बैठक में मुख्य सचिव ने दूर-दराज और कम संपर्क वाले क्षेत्रों में हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए अधिक से अधिक हेलिपोर्ट और हेलीपैड विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गुंजी और आदि कैलाश क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहे पर्यटन को देखते हुए वहां एयर स्ट्रिप या हेलिपोर्ट विकसित करने की संभावनाएं तलाशने को भी कहा।
पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार और UDAN 2.0 पर फोकस
मुख्य सचिव ने बताया कि पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तार कार्य जारी है। इसके पूरा होने के बाद पूरे कुमाऊं मंडल के लिए व्यापक हवाई कनेक्टिविटी की नई योजना तैयार की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को केंद्र सरकार की उड़ान (UDAN) 2.0 योजना के तहत उत्तराखंड के विभिन्न जिलों के लिए नए हवाई मार्गों का प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार को भेजने के निर्देश दिए, ताकि राज्य के अधिक से अधिक क्षेत्रों को सस्ती, सुरक्षित और नियमित हवाई सेवाओं का लाभ मिल सके।





