चमोली: उत्तराखंड की बदरीनाथ विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सार्वजनिक मंच से खुलकर सराहना की। गोपेश्वर के पुलिस मैदान में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस विधायक ने कहा कि उनकी विधानसभा में राज्य सरकार द्वारा सबसे अधिक विकास कार्य कराए जा रहे हैं और इसके लिए वह मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हैं।

‘विपक्ष के साथ भेदभाव की बात मेरी विधानसभा पर लागू नहीं होती’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लखपत बुटोला ने कहा कि अक्सर यह आरोप लगाया जाता है कि विपक्षी विधायकों के क्षेत्रों के साथ भेदभाव किया जाता है, लेकिन उनकी विधानसभा बदरीनाथ इसका उदाहरण नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी विधानसभा में रिकॉर्ड स्तर पर विकास कार्य हुए हैं, जिसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रशंसा के पात्र हैं।
मेडिकल कॉलेज और जांच समिति की उठाई मांग
मुख्यमंत्री की सराहना के साथ ही कांग्रेस विधायक ने मंच से दो अहम मांगें भी रखीं। उन्होंने चमोली जिला चिकित्सालय को मेडिकल कॉलेज में विकसित करने की मांग की। इसके अलावा बदरीनाथ धाम में कथित वित्तीय अनियमितताओं की उच्च स्तरीय जांच समिति गठित करने की भी मांग उठाई।
जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे
लखपत बुटोला ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आमजन के हित में कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि सभी पात्र लाभार्थियों तक इन योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाए तथा कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को उनके मुख्यमंत्री पद के पांच वर्ष पूरे होने पर भी शुभकामनाएं दीं।
हालिया बयान से अलग दिखे तेवर
लखपत बुटोला का यह बयान इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि कुछ समय पहले उन्होंने देहरादून स्थित उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला था। उस दौरान उन्होंने दावा किया था कि भारतीय जनता पार्टी के 8 से 9 विधायक सरकार से नाराज हैं और गैरसैंण विधानसभा सत्र के दौरान उनसे मिलकर सरकार के खिलाफ आवाज उठाने की बात कही थी।
ऐसे में गोपेश्वर के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी की खुलकर प्रशंसा और विकास कार्यों की सराहना को लेकर राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।





