रुद्रपुर: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में फर्जी शस्त्र लाइसेंस के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। व्यापक जांच के दौरान पुलिस ने अब तक 94 संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस अपने कब्जे में ले लिए हैं, जबकि उनसे जुड़े 119 लाइसेंसी हथियार सुरक्षा की दृष्टि से विभिन्न थानों में जमा करा दिए गए हैं। पुलिस अब इन सभी लाइसेंसों का संबंधित राज्यों में जाकर सत्यापन कराएगी। यदि जांच में लाइसेंस फर्जी पाए गए तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस लाइन रुद्रपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि पुलिस और एसटीएफ को लगातार सूचना मिल रही थी कि कुछ लोगों ने कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर पंजाब, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, मेघालय, बिहार सहित कई राज्यों से शस्त्र लाइसेंस बनवाए और बाद में उन्हें उत्तराखंड में स्थानांतरित कर वैध लाइसेंस की तरह इस्तेमाल किया। इन सूचनाओं के आधार पर जिलेभर में विशेष जांच अभियान शुरू किया गया।
पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां
एसएसपी ने बताया कि काशीपुर क्षेत्र में फर्जी शस्त्र लाइसेंस से जुड़े दो मामलों का पहले ही खुलासा किया जा चुका है। इन मामलों में दो मुकदमे दर्ज किए गए थे और अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके बाद पूरे जिले में बाहरी राज्यों से जारी शस्त्र लाइसेंसों की गहन जांच शुरू की गई।
एसएसपी अजय गणपति के कुशल निर्देशन में 108 संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस चिन्हित, 94 लाइसेंस पुलिस कब्जे में, 119 शस्त्र कराए गए जमा
➡️ बाहरी राज्यों एवं गैर जनपदों से बनाए गए संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों पर ऊधम सिंह नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई#UKPoliceStrikeOnCrime #uttarakhandpolice pic.twitter.com/L8HsnirGik
— Udham Singh Nagar Police Uttarakhand (@UdhamSNagarPol) July 14, 2026
2001 से 2026 तक के लाइसेंस खंगाले गए
जांच के दौरान वर्ष 2001 से 2026 तक जारी सभी शस्त्र लाइसेंसों का रिकॉर्ड खंगाला गया। इस प्रक्रिया में 678 ऐसे लाइसेंस चिन्हित हुए, जो अन्य राज्यों से जारी किए गए थे और वर्तमान में ऊधम सिंह नगर जिले में उपयोग किए जा रहे थे।
इनकी जांच के लिए जिला स्तर पर तीन विशेष सत्यापन टीमें गठित की गईं। इनमें दो टीमें रुद्रपुर और काशीपुर सर्किल में जांच कर रही हैं, जबकि तीसरी टीम अन्य राज्यों और जिलों से जारी लाइसेंसों का सत्यापन कर रही है।
94 लाइसेंस संदिग्ध, 119 हथियार जमा
अब तक 678 में से 626 शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन किया जा चुका है। जांच के दौरान 94 लाइसेंस संदिग्ध पाए गए, जिन्हें तत्काल प्रभाव से पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। इन लाइसेंसों से जुड़े 119 हथियार भी संबंधित धारकों से लेकर थानों में जमा करा दिए गए हैं। शेष लाइसेंसों की जांच अभी जारी है।
फर्जी पाए गए तो होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि फिलहाल जांच प्रारंभिक चरण में है। संदिग्ध लाइसेंसों के मूल अभिलेखों का सत्यापन संबंधित राज्यों के जिलाधिकारियों और लाइसेंस जारी करने वाले अधिकारियों से कराया जाएगा। यदि जांच में यह साबित होता है कि लाइसेंस फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बनाए गए हैं या नियमों का उल्लंघन कर जारी किए गए हैं, तो ऐसे लाइसेंस तत्काल निरस्त किए जाएंगे। साथ ही संबंधित हथियार धारकों के खिलाफ आपराधिक मुकदमे दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने जनता से मांगा सहयोग
ऊधम सिंह नगर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के पास संदिग्ध या फर्जी शस्त्र लाइसेंस होने की जानकारी हो तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि ऐसे मामलों में निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई कर कानून व्यवस्था एवं सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।





