HomeUttarakhandउत्तराखंड: प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी में कांग्रेस में बवाल, नाराज...

उत्तराखंड: प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी में कांग्रेस में बवाल, नाराज विधायक ने बीच कार्यक्रम छोड़ा मंच

Date:

पिथौरागढ़: वर्ष 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस को पिथौरागढ़ में आयोजित ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ के दौरान उस समय असहज स्थिति का सामना करना पड़ा, जब पार्टी के भीतर की गुटबाजी सार्वजनिक रूप से सामने आ गई। सम्मेलन के दौरान कांग्रेस विधायक मयूख महर मंच पर ही नाराज हो गए और अपने समर्थकों के साथ कार्यक्रम का बहिष्कार करते हुए सभागार से बाहर निकल गए।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी में आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करना था। कार्यक्रम शुरू होने से पहले मंच से यह घोषणा भी की गई थी कि सम्मेलन में केवल संगठनात्मक मजबूती, परिवर्तन संकल्प अभियान और जनहित के मुद्दों पर चर्चा होगी। हालांकि, शुरुआती संबोधन के दौरान ही माहौल बदल गया।

भाषण के दौरान शुरू हुआ विवाद

कार्यक्रम में जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष भावना नगरकोटी ने अपने संबोधन के दौरान नगर निकाय चुनाव और पार्टी लाइन से अलग गतिविधियों का जिक्र किया। उनके बयान को विधायक मयूख महर पर अप्रत्यक्ष टिप्पणी के रूप में देखा गया। इसके बाद विधायक ने नाराजगी जताई और मंच छोड़कर बाहर चले गए। उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक भी सभागार से बाहर निकल गए।

इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा कथित तौर पर “मयूख महर मुर्दाबाद” के नारे लगाए गए, जिससे सम्मेलन का माहौल तनावपूर्ण हो गया।

मयूख महर बोले- बैठक को खराब करने की साजिश

कार्यक्रम से बाहर आने के बाद विधायक मयूख महर ने कहा कि सम्मेलन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह था, लेकिन कुछ लोग पार्टी की प्रगति से परेशान हैं और बैठक को जानबूझकर विवादित बनाने का प्रयास किया गया।

उन्होंने कहा कि जिस वक्ता को संगठन की भावी रणनीति, महिलाओं, युवाओं और दलितों को जोड़ने जैसे मुद्दों पर बात करनी चाहिए थी, उन्होंने मंच का इस्तेमाल व्यक्तिगत और राजनीतिक टिप्पणियों के लिए किया। ऐसे माहौल में कार्यक्रम में बने रहने का कोई औचित्य नहीं था, इसलिए उन्होंने विरोधस्वरूप बैठक का बहिष्कार किया।

गोदियाल ने कहा- कोई बड़ी बात नहीं, सभी रखें संयम

विवाद के बाद जब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल से इस पूरे घटनाक्रम पर सवाल किया गया तो उन्होंने मामले को ज्यादा तूल न देने की बात कही। उन्होंने कहा कि बड़ी सभाओं में कभी-कभी ऐसी घटनाएं हो जाती हैं और सभी कार्यकर्ताओं को संयम बनाए रखना चाहिए।

गोदियाल ने कहा कि वह स्वयं विधायक मयूख महर से मुलाकात कर पूरे मामले पर बातचीत करेंगे और संगठन में किसी भी तरह की गलतफहमी को दूर करने का प्रयास करेंगे।

बाद में मंच से संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सम्मेलन का माहौल कुछ लोगों की गतिविधियों के कारण प्रभावित हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने और व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर पार्टी हित में काम करने की अपील की।

पुराने विवाद से जुड़ रहा है मामला

राजनीतिक जानकार इस विवाद को पिछले वर्ष हुए पिथौरागढ़ नगर निगम चुनाव से जोड़कर देख रहे हैं। उस चुनाव में विधायक मयूख महर अपनी समर्थित प्रत्याशी मोनिका महर को कांग्रेस का टिकट दिलाना चाहते थे, लेकिन पार्टी ने अंजू लुंठी को उम्मीदवार बनाया। इसके बाद मोनिका महर निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरीं और विधायक उनके समर्थन में आ गए।

इस घटनाक्रम से कांग्रेस दो गुटों में बंट गई थी, जिसका लाभ भाजपा को मिला। भाजपा प्रत्याशी कल्पना देवलाल ने मात्र 17 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी। कांग्रेस प्रत्याशी अंजू लुंठी और निर्दलीय मोनिका महर को मिले कुल वोट भाजपा से कहीं अधिक थे, जिससे पार्टी के भीतर की गुटबाजी उस हार का बड़ा कारण मानी गई।

अब परिवर्तन संकल्प सम्मेलन के मंच पर सामने आया यह विवाद एक बार फिर कांग्रेस के आंतरिक मतभेदों को उजागर करता नजर आया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच सामने आई यह स्थिति विपक्ष, खासकर भाजपा, को कांग्रेस पर निशाना साधने का नया मुद्दा दे सकती है।

Latest stories

उत्तराखंड में बड़ा एक्शन! भ्रष्टाचार के आरोपों में जिला पर्यटन विकास अधिकारी सस्पेंड

उत्तराखंड में सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की...

उत्तराखंड को 7,000 करोड़ की बड़ी सौगात, इन मेगा परियोजनाओं से बदलेगी प्रदेश की तस्वीर

देहरादून/नई दिल्ली: उत्तराखंड में सड़क संपर्क और आधारभूत ढांचे...

बदरीनाथ हाईवे पर दर्दनाक हादसा, बस और बुलेट की भिड़ंत में युवक की मौके पर मौत

देवप्रयाग: ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक...