HomeUttarakhandऋषिकेश योगनगरी रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा: शंटिंग के दौरान उज्जैनी एक्सप्रेस...

ऋषिकेश योगनगरी रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा: शंटिंग के दौरान उज्जैनी एक्सप्रेस पटरी से उतरी, तीन डिब्बे डिरेल

Date:

ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित योगनगरी रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को एक बड़ा रेल हादसा हो गया। उज्जैनी एक्सप्रेस वॉशिंग लाइन में शंटिंग के दौरान अचानक अनियंत्रित हो गई और एंड पॉइंट पर बने बफर स्टॉप से टकरा गई। इस हादसे में इंजन के पीछे लगे तीन डिब्बे पटरी से उतर गए।

Rishikesh train accident: Ujjaini Express Derails During Shunting at Rishikesh Railway Station

जानकारी के मुताबिक, उज्जैनी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय पर शाम को योगनगरी रेलवे स्टेशन पहुंची थी और 19 मई की सुबह उज्जैन के लिए रवाना होनी थी। ट्रेन को वॉशिंग लाइन में शंटिंग के लिए ले जाया जा रहा था, तभी यह अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और तेज रफ्तार से आगे बढ़ते हुए एंड पॉइंट से जा टकराई।

हादसे की तेज आवाज से आसपास के खांड गांव समेत अन्य इलाकों में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन ने अचानक रफ्तार पकड़ी और कुछ ही दूरी पर पटरी से उतरकर डिब्बे दीवार से जा भिड़े।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर जीआरपी, आरपीएफ, स्थानीय पुलिस और स्टेशन प्रशासन की टीमें पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। राहत की बात यह रही कि घटना के समय ट्रेन में कोई यात्री मौजूद नहीं था।

प्रारंभिक जांच में हादसे के पीछे तकनीकी खराबी या मानवीय लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल तकनीकी टीम द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है और क्षतिग्रस्त डिब्बों व ट्रैक की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस घटना से योगनगरी-रायवाला मुख्य रेलमार्ग प्रभावित नहीं हुआ है और यातायात सामान्य रूप से जारी है।

Latest stories

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी का निधन, 91 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति और भारतीय सेना के प्रतिष्ठित...