गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को एक बड़ा विमान हादसा हुआ, जिसमें लंदन जा रही एअर इंडिया की इंटरनेशनल फ्लाइट AI-171 टेकऑफ के तुरंत बाद क्रैश हो गई। हादसे का शिकार हुआ विमान बोइंग 787 ड्रीमलाइनर था, जिसमें कुल 242 यात्री सवार थे। इनमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल थे।

यह हादसा दोपहर 1:38 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने के दो मिनट बाद हुआ। विमान एयरपोर्ट से सटे एयर कस्टम कार्गो ऑफिस के पास स्थित एक इमारत से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि धमाके के साथ पूरा इलाका काले धुएं के गुबार में ढंक गया। जिस इमारत से टकराव हुआ, वह सिविल हॉस्पिटल के डॉक्टरों का आवासीय परिसर बताया जा रहा है। वहां रह रहे लोगों की स्थिति को लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है।
कैसे हुआ हादसा, सवालों के घेरे में तकनीकी टीम
विमान को उड़ा रहे कैप्टन सुमीत सब्बरवाल एक अनुभवी पायलट थे, जिनके पास 8200 घंटे से अधिक की उड़ान का अनुभव था। उनके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर थे, जिन्होंने 1100 घंटे की उड़ान पूरी की थी। इसके बावजूद इतनी बड़ी दुर्घटना का हो जाना कई सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल एयरपोर्ट प्रशासन ने सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है और इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू कर दिया गया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, 50 शव बरामद
हादसे के तुरंत बाद अहमदाबाद और वडोदरा से फायर ब्रिगेड की 25 गाड़ियाँ मौके पर पहुंची, वहीं सूरत से एनडीआरएफ और मेडिकल टीमें रवाना की गईं। अब तक मलबे से 50 शव निकाले जा चुके हैं, जबकि कई अन्य की तलाश अभी जारी है। जीवित बचे यात्रियों को इलाज के लिए पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
हादसे की जांच DGCA और विमानन मंत्रालय की टीमें कर रही हैं। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी, बर्ड हिट या पायलट से हुई मानवीय चूक जैसी सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।





