HomeUdhamSinghNagarरुद्रपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार मामा-भांजे...

रुद्रपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार मामा-भांजे को रौंदा, दोनों की दर्दनाक मौत

Date:

रुद्रपुर। सितारगंज हाईवे पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार रात बगवाड़ा मंडी के सामने तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार मामा-भांजे की मौत हो गई। हादसे में भांजे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल मामा की जिला अस्पताल पहुंचने पर मौत हो गई। पुलिस दुर्घटना में शामिल डंपर और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहा था भांजा, रास्ते में हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, ग्राम सहजनी, रुद्रपुर निवासी 22 वर्षीय रोहित चौहान पुत्र राधेश्याम चौहान शुक्रवार रात अपने 46 वर्षीय मामा अक्षय लाल चौहान पुत्र हंसनाथ चौहान को रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहा था। अक्षय लाल मूल रूप से ग्राम जुआफर, जिला देवरिया, उत्तर प्रदेश के निवासी थे। उन्हें बाघ एक्सप्रेस ट्रेन से अपने घर लौटना था।

बताया गया कि रात करीब 10 बजे जब दोनों बाइक से बगवाड़ा मंडी के सामने पहुंचे, तभी तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहित चौहान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल अक्षय लाल चौहान को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे से परिवार में मचा कोहराम

दुर्घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। रोहित के पिता राधेश्याम चौहान ने बताया कि उनका बेटा सिडकुल स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था और चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था।

वहीं, अक्षय लाल चौहान पांच अक्टूबर को रुद्रपुर आए थे और शुक्रवार रात ट्रेन से अपने घर लौटने वाले थे। परिवार को क्या पता था कि रेलवे स्टेशन पहुंचने से पहले ही रास्ते में यह हादसा उनकी जिंदगी बदल देगा।

डंपर और चालक की पहचान में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने पर रुद्रपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने मामले में तहरीर देने की बात कही है।

रुद्रपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के अनुसार, हादसे में शामिल डंपर और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

क्षेत्राधिकारी विभव सैनी ने भी बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हाईवे पर लगातार हादसों ने बढ़ाई चिंता

सितारगंज हाईवे पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। हाल ही में सड़क हादसों में छह लोगों की मौत के बाद दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सख्ती की बात कही थी। इसके बावजूद बगवाड़ा मंडी के सामने हुए इस हादसे में दो लोगों की जान चली गई।

Latest stories

अंकिता भंडारी केस: उर्मिला सनावर के ताबड़तोड़ खुलासे, CBI जांच को लेकर कर दी बड़ी मांग…

देहरादून। उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित...