HomeUttarakhandउत्तराखंड: कांवड़ियों की कांवड़ कार की टक्कर से खंडित, गुस्साए कांवड़ियों ने...

उत्तराखंड: कांवड़ियों की कांवड़ कार की टक्कर से खंडित, गुस्साए कांवड़ियों ने जमकर की तोड़फोड़

Date:

रुड़की: हरिद्वार जिले के मंगलौर कस्बे में कांवड़ यात्रा के दौरान रविवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जब हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे एक शिवभक्त की कांवड़ को पीछे से आ रही एक कार ने टक्कर मार दी। टक्कर के कारण कांवड़ खंडित हो गई, जिसके बाद मौके पर मौजूद श्रद्धालु आक्रोशित हो गए और कार में जमकर तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल हालात सामान्य बताए जा रहे हैं।

Kanwar Yatra Violence

जानकारी के अनुसार, घटना मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में एक ढाबे के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हरिद्वार से जल लेकर लौट रहे कांवड़ियों के जत्थे के बीच चल रहे एक श्रद्धालु की कांवड़ को पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दी। कांवड़ खंडित होने की खबर फैलते ही आसपास मौजूद कांवड़िए और श्रद्धालु मौके पर जुट गए, जिससे कुछ ही देर में वहां भारी भीड़ लग गई।

घटना से नाराज श्रद्धालुओं ने कार को चारों ओर से घेर लिया और उसमें तोड़फोड़ शुरू कर दी। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर मंगलौर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों पक्ष कांवड़ यात्रा से जुड़े बताए जा रहे हैं। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कांवड़ यात्रा के दौरान हुई इस घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और सतर्क कर दी है। यात्रा मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

गौरतलब है कि उत्तराखंड में इन दिनों कांवड़ यात्रा पूरे उत्साह के साथ जारी है। लाखों शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं। यात्रा मार्गों पर प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस सीसीटीवी कैमरों और अन्य निगरानी व्यवस्था के जरिए यात्रा पर लगातार नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

Latest stories

एंटी-पेपर लीक: राष्ट्रपति मुर्मू ने एंटी-पेपर लीक संशोधन बिल को दी मंजूरी

नई दिल्ली: देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक...

कावंड यात्रा के रूट पर उत्तराखंड-UP में प्रतिबंधित रहेंगे बड़े वाहन

काशीपुर: कांवड़ यात्रा को लेकर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश...

देहरादून में सरकारी शिक्षिका की संदिग्ध मौत, सचिवालय में तैनात पति समेत 3 पर हत्या का केस

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के डोईवाला थाना क्षेत्र...