देहरादून: हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद मंच के कथित शुद्धीकरण को लेकर सियासत लगातार गरमाती जा रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर इस मुद्दे को लेकर बीजेपी और आरएसएस पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि दलित नेताओं के साथ भेदभाव किया जाता है और हल्द्वानी में खड़गे की रैली के बाद मंच का शुद्धीकरण इसी मानसिकता को दर्शाता है।

राहुल गांधी ने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद मंच का शुद्धीकरण किया गया। उन्होंने इसे संविधान के खिलाफ बताते हुए कहा कि भारत में इस तरह का भेदभाव अपराध है। राहुल गांधी के मुताबिक, इसके बावजूद बीजेपी और आरएसएस से जुड़े लोग इस तरह की प्रथा को बढ़ावा देते हैं।
‘दलित जितना सफल होता है, उतना ही हमला होता है’
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि दलित समाज से आने वाला व्यक्ति जैसे-जैसे सफलता हासिल करता है, उस पर उतनी ही ताकत से हमला किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति देश के करोड़ों लोगों के साथ रोजाना होती है।
उन्होंने राजस्थान कांग्रेस के विधायक दल के नेता टीकाराम जूली, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी का उदाहरण देते हुए बीजेपी पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने दावा किया कि अलग-अलग मौकों पर इन नेताओं के मंदिर जाने या सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद कथित तौर पर शुद्धीकरण की घटनाएं सामने आईं।
हल्द्वानी मामले में FIR की मांग
राहुल गांधी ने कहा कि हल्द्वानी में 10 अगस्त को कथित शुद्धीकरण की घटना हुई और इसके बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने संसद में भी इस मुद्दे को उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद उत्तराखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने शुद्धीकरण का समर्थन किया।
LIVE: Press Conference | Indira Bhawan, New Delhi https://t.co/IkmwCAr0hX
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) August 29, 2026
राहुल गांधी ने मांग की कि हल्द्वानी में शुद्धीकरण करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी बोलना चाहिए और कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस किसी असंभव चीज की मांग नहीं कर रही है, बल्कि पार्टी अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के लिए न्याय की मांग कर रही है।
क्या बोले थे बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट?
हल्द्वानी शुद्धीकरण विवाद पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पहले ही अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। उन्होंने शुद्धीकरण को गलत नहीं बताया था। महेंद्र भट्ट के मुताबिक, हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की रैली के दौरान जिस तरह की स्थिति बनी और कुछ नारे लगाए गए, वे मैदान की मर्यादा के अनुरूप नहीं थे।
मैं इस बात को राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाना चाहता।
मैंने कभी किसी से यह नहीं कहा कि मैं दलित हूँ, मेरी रक्षा करो और न ही किसी के सामने गिड़गिड़ाया। मुझ में लड़ने की शक्ति है और मैं लड़ता हूँ।
लेकिन हल्द्वानी में स्टेज का शुद्धिकरण कर मुझे Untouchability का एहसास कराया गया और मेरा… pic.twitter.com/dSdbjiaV0H
— Mallikarjun Kharge (@kharge) August 13, 2026
उन्होंने कहा था कि यदि कार्यक्रम के बाद रामलीला मैदान का शुद्धीकरण किया गया तो इसमें गलत क्या है। महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा था कि विपक्ष के पास ठोस मुद्दे और कार्यक्रम नहीं हैं, इसलिए ऐसे विषयों को तूल दिया जा रहा है, जिससे सामाजिक माहौल खराब होता है।
क्या है हल्द्वानी शुद्धीकरण विवाद?
दरअसल, 8 अगस्त को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित किया था। इसके बाद 11 अगस्त को श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास संगठन की ओर से उस मंच का शुद्धीकरण किया गया, जहां से खड़गे ने भाषण दिया था।
न्यास की ओर से कहा गया था कि रामलीला मैदान का मंच सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए है और कांग्रेस की सभा के दौरान वहां कुछ ऐसे नारे लगाए गए, जो मंच की मर्यादा के अनुरूप नहीं थे। संगठन ने इसी वजह से मंच का शुद्धीकरण यज्ञ करने की बात कही थी।
शुद्धिकरण पर तेज हुई उत्तराखंड की सियासत, गणेश गोदियाल ने बीजेपी पर बोला हमला @INCUttarakhand@INCIndia@UKGaneshGodiyal@RahulGandhi@kharge@drhsrawatuk
खबर के लिए क्लिक करेंhttps://t.co/9FpDGfE2KO pic.twitter.com/4ZAoSrvdxQ— ETVBharat Uttarakhand (@ETVBharatUK) August 12, 2026
घटना के बाद कांग्रेस ने बीजेपी पर हमला बोला और इसे दलित समाज के प्रति भेदभाव से जोड़ते हुए कार्रवाई की मांग की। वहीं बीजेपी की ओर से इसे मंच की मर्यादा से जुड़ा विषय बताया गया।
अब राहुल गांधी के ताजा बयान के बाद हल्द्वानी शुद्धीकरण का मुद्दा एक बार फिर उत्तराखंड की सियासत के केंद्र में आ गया है।





