मुंबई: बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान और उनकी पार्टनर गौरी स्प्रैट आधिकारिक तौर पर शादी के बंधन में बंध गए हैं। रविवार को मुंबई के बांद्रा स्थित आमिर खान के आवास पर आयोजित एक निजी समारोह में दोनों ने विवाह का पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) कराया। इस खास मौके पर परिवार के सदस्य और चुनिंदा करीबी दोस्त मौजूद रहे।

परिवार की मौजूदगी में हुई शादी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, समारोह पूरी तरह निजी रखा गया था। शादी के दौरान आमिर की पूर्व पत्नियां रीना दत्ता और किरण राव, उनके बच्चे, मां जीनत हुसैन सहित परिवार के कई सदस्य उपस्थित रहे। सोशल मीडिया पर सामने आई पहली तस्वीर में आमिर और गौरी शादी के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करते नजर आ रहे हैं। तस्वीर में गौरी का बेटा दोनों के बीच खड़ा दिखाई देता है, जबकि आमिर के बेटे आजाद भी समारोह का हिस्सा बने।
पारंपरिक अंदाज में नजर आया कपल
शादी के अवसर पर आमिर खान आइवरी रंग के कुर्ता-पायजामा में नजर आए, जिसके साथ उन्होंने ब्रॉन्ज रंग का ब्रोच कैरी किया था। वहीं, गौरी स्प्रैट बेज रंग के पारंपरिक परिधान, आकर्षक ज्वेलरी और स्टाइलिश हेयरस्टाइल में बेहद खूबसूरत दिखाई दीं।
कई चर्चित हस्तियां बनीं गवाह
इस निजी समारोह में आमिर के बेटे जुनैद खान, बेटी इरा खान, दामाद नूपुर शिखरे, फिल्म निर्माता आशुतोष गोवारिकर, अंबानी परिवार के सदस्य, अभिनेत्री एली अवराम, पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान, राजनेता राज ठाकरे सहित कुछ करीबी दोस्त और रिश्तेदार शामिल हुए।
25 साल पुरानी पहचान, फिर प्यार में बदला रिश्ता
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आमिर खान और गौरी स्प्रैट एक-दूसरे को करीब 25 वर्षों से जानते थे। हालांकि, करीब दो साल पहले बेंगलुरु में आमिर की कजिन नुजहत खान के जरिए दोनों दोबारा संपर्क में आए। इसके बाद दोनों की दोस्ती गहरी हुई और यह रिश्ता प्यार में बदल गया। शादी से पहले दोनों ने दो साल से अधिक समय तक एक-दूसरे को डेट किया।
60वें जन्मदिन पर किया था रिश्ते का खुलासा
इस वर्ष अपने 60वें जन्मदिन के अवसर पर आमिर खान ने पहली बार गौरी स्प्रैट को मीडिया से मिलवाया था और सार्वजनिक रूप से अपने रिश्ते की पुष्टि की थी। इसके बाद गौरी कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में आमिर के साथ नजर आईं और धीरे-धीरे उनके परिवार के साथ भी उनकी नजदीकियां बढ़ती गईं।
फिलहाल, शादी के बाद आमिर खान और गौरी स्प्रैट ने कोई सार्वजनिक उपस्थिति नहीं दी है और न ही मीडिया या पैपराजी के सामने साथ में फोटो खिंचवाई है। हालांकि, उनकी शादी की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रशंसकों और फिल्म जगत की ओर से दोनों को शुभकामनाएं मिलने का सिलसिला शुरू हो गया है।





