हल्द्वानी में पत्रकारों के लिए बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कुमाऊं मीडिया सेंटर भवन का शिलान्यास किया। करीब 6 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह अत्याधुनिक केंद्र कुमाऊं मंडल के मीडिया कर्मियों के लिए एक प्रमुख सुविधायुक्त हब के रूप में विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि यह भवन केवल एक मीडिया सेंटर नहीं, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ—पत्रकारिता—को समर्पित एक सशक्त मंच होगा। उन्होंने बताया कि अब तक कुमाऊं के पत्रकारों को कई प्रशासनिक और पेशेवर कार्यों के लिए देहरादून जाना पड़ता था, लेकिन इस सेंटर के बनने के बाद अधिकांश कार्य हल्द्वानी में ही संपन्न हो सकेंगे।
उन्होंने जानकारी दी कि मीडिया सेंटर में आधुनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल, हाई-स्पीड इंटरनेट, डिजिटल स्टूडियो, लाइब्रेरी, कैंटीन और पत्रकारों के लिए गेस्ट रूम जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले पत्रकारों को भी ठहरने और कार्य करने में सहूलियत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि समाचार पत्रों से जुड़े निरीक्षण कार्य अब इसी सेंटर से संचालित किए जाएंगे, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और पत्रकारों को अनावश्यक दौड़-भाग से राहत मिलेगी।
पत्रकार कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने पत्रकार कल्याण कोष को बढ़ाकर 5 करोड़ रुपये कर दिया है। साथ ही अधिस्वीकृत पत्रकारों और उनके आश्रितों को 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पत्रकारों को प्रतिमाह 8 हजार रुपये पेंशन भी दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से सकारात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देने और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील करते हुए कहा कि पत्रकारों की कलम लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।
इस कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक सरिता आर्या, मेयर गजराज सिंह बिष्ट समेत कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।





