हरिद्वार: जनपद के पथरी थाना क्षेत्र से एक 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के मुताबिक, किशोरी देर रात करीब एक बजे घर से अचानक लापता हो गई। काफी तलाश के बाद जानकारी मिली कि गांव का ही एक युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। पिता ने आरोप लगाया है कि आरोपी किशोरी को अपने साथ ले जाने के दौरान घर में रखी करीब 20 हजार रुपये की नकदी और चांदी के जेवर भी साथ ले गया।
घटना की सूचना मिलते ही फेरुपुर पुलिस चौकी को अवगत कराया गया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। आरोपी के परिजनों को भी किशोरी की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि पीड़िता के परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। वहीं पथरी थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने कहा कि किशोरी की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि किशोरी की सकुशल बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद से परिवार गहरे तनाव में है और किसी भी अनहोनी की आशंका जता रहा है।





