Haridwar में सोशल मीडिया पर कथित तौर पर पांच लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। शिवालिक नगर स्थित ड्रग विभाग कार्यालय में तैनात सीनियर ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती की शिकायत पर Uttarakhand Police ने यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कैश खुराना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अनीता भारती ने रानीपुर कोतवाली पुलिस को दी गई लिखित तहरीर में आरोप लगाया कि 26 फरवरी को कैश खुराना नामक व्यक्ति ने फेसबुक पर उनके खिलाफ पांच लाख रुपये की रिश्वत लेने से संबंधित पोस्ट सार्वजनिक की। पोस्ट के वायरल होने के बाद कमेंट सेक्शन में उन्हें टैग कर सवाल-जवाब किए जाने लगे, जिससे उनकी सरकारी और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने इसे सुनियोजित तरीके से प्रतिष्ठा धूमिल करने और झूठी अफवाह फैलाने का प्रयास बताया है।
शिकायत में भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। साथ ही आपत्तिजनक पोस्ट और स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखकर विधिक कार्रवाई करने की बात कही गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की मदद से सोशल मीडिया पोस्ट की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है।
वहीं यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष कैश खुराना ने सभी आरोपों को निराधार और असत्य बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने किसी को निशाना नहीं बनाया और मामला अब न्यायालय में जाएगा, जहां वे सभी आरोपों का जवाब देंगे।
इस संबंध में एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने पुष्टि करते हुए कहा कि शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।





