रुद्रपुर। शहर की बंगाली इंदिरा कॉलोनी में महिला की हत्या की सूचना से शुक्रवार को पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आपातकालीन सेवा 112 पर मिली इस कॉल को गंभीरता से लेते हुए कंट्रोल रूम ने तत्काल कोतवाली पुलिस को अलर्ट किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिना देरी बताए गए पते पर पहुंच गई और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।

मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक जीवन राम अधिकारी ने कॉलोनी में घर-घर जाकर पूछताछ की। आसपास के निवासियों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई गई, लेकिन किसी भी परिवार ने ऐसी किसी वारदात की पुष्टि नहीं की। पुलिस ने कई मकानों की तलाशी ली और आसपास के इलाके में भी जांच-पड़ताल की, मगर महिला की हत्या जैसी कोई घटना सामने नहीं आई।
काफी देर तक सत्यापन और जांच के बाद स्पष्ट हो गया कि सूचना पूरी तरह भ्रामक और झूठी थी। तकनीकी जांच में सामने आया कि कॉल करने वाला व्यक्ति हल्द्वानी क्षेत्र से फोन कर रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कॉलर नशे की हालत में था। जब पुलिस ने दोबारा संपर्क करने का प्रयास किया तो संबंधित मोबाइल नंबर बंद मिला।
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी माध्यमों से कॉलर की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि सूचना को अत्यंत गंभीरता से लिया गया और तत्काल पुलिस बल मौके पर भेजा गया। उन्होंने कहा कि इस तरह की झूठी सूचनाएं पुलिस के संसाधनों और समय की बर्बादी करती हैं, साथ ही वास्तविक आपात स्थितियों से ध्यान भटका सकती हैं।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आपातकालीन सेवाएं आम जनता की सुरक्षा के लिए हैं और उनका दुरुपयोग किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित व्यक्ति की पहचान होते ही उसके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।





