Haldwani में उस समय हड़कंप मच गया जब मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल के समीप एक बंद कार के भीतर युवक का शव मिला। घटना डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल के पास की है, जहां शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे पुलिस को सूचना मिली।

स्थानीय लोगों ने अस्पताल के नजदीक एक कार को लंबे समय से खड़ा देखा। कार संदिग्ध हालत में थी और उसके सभी शीशे बंद थे। संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि कार पूरी तरह बंद थी और अंदर एसी चल रहा था। शीशों से देखने पर एक युवक अचेत अवस्था में नजर आया। दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कार के भीतर लंबे समय तक एसी चलने से ऑक्सीजन की कमी हो गई होगी, जिससे दम घुटने की स्थिति बनी। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने मृतक की पहचान 45 वर्षीय अरुण बिष्ट के रूप में की है, जो बरेली रोड स्थित घूंघट बैंक्वेट हॉल के संचालक बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है।
घटना मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल के नजदीक होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गईं। सीओ अमित कुमार और कोतवाल विजय मेहता समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। क्षेत्र की घेराबंदी कर फॉरेंसिक टीम से साक्ष्य एकत्र किए गए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। आत्महत्या, हादसा या किसी अन्य कारण की संभावना को फिलहाल नकारा नहीं गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों पर स्पष्टता आ सकेगी।





