9 से 65 वर्ष तक के प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, महापौर विकास शर्मा ने किया उत्साहवर्धन; भाजपा नेता विवेक दीप सिंह ने युवाओं से खेलों से जुड़ने और नशे से दूर रहने की अपील की
किच्छा, 1 नवंबर। लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा नेता विवेक दीप सिंह और अमर उजाला के संयुक्त तत्वावधान में ‘एक दौड़, सेहत की ओर–नशामुक्त किच्छा’ मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन में कुल 1761 लोगों ने पंजीकरण कराया, जबकि 1200 से अधिक प्रतिभागियों ने दौड़ में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी दर्शक के रूप में भी पहुंचे और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

मैराथन में युवाओं, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। खास बात यह रही कि इसमें सबसे कम उम्र के प्रतिभागी की आयु 9 वर्ष और सबसे वरिष्ठ प्रतिभागी की आयु 65 वर्ष रही। आयोजन के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे से दूर रहने और सामाजिक एकता को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा शामिल हुए। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए खेलकूद तथा इस तरह के सामूहिक आयोजनों को बढ़ावा देना जरूरी है।

आयोजक विवेक दीप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मैराथन का उद्देश्य केवल दौड़ आयोजित करना नहीं, बल्कि लोगों को आपस में जोड़ना और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस तरह उन्होंने देश को एकता के सूत्र में पिरोने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, उसी भावना के साथ क्षेत्रवासियों को भी आपसी मतभेद और भेदभाव से ऊपर उठकर क्षेत्र के विकास और खुशहाली के लिए एकजुट होना चाहिए।
विवेक दीप सिंह ने कहा कि अलग-अलग विचार और पहचान होने के बावजूद क्षेत्र सभी का साझा है। इसे बेहतर बनाने की जिम्मेदारी भी सभी की है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलकूद सहित सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खेल एवं युवा कल्याण से जुड़े प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने युवाओं से इन योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रता के अनुसार लाभ उठाने का आह्वान किया। उनके अनुसार खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में भी सहायक हैं।
विवेक दीप सिंह ने कहा कि मैराथन में 1761 पंजीकरण और 1200 से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी क्षेत्र में स्वास्थ्य, खेल और सामाजिक एकता के प्रति लोगों की रुचि को दर्शाती है। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले अमर उजाला परिवार, प्रशासन, पुलिस विभाग, प्रतिभागियों, स्वयंसेवकों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में महापौर विकास शर्मा, किच्छा कोतवाल रवि सैनी, रामबाबू सिंह, लवी सहगल, पुनीत वर्मा, मुकुल अग्रवाल, सुरेंद्र खुराना, विनोद फुटेला, अक्षय अरोड़ा, लता सिंह, भूपेंद्र राय, गोपेंद्र राय, शैली फुटेला, प्रतिभा राकोंसी, प्रेमलता सिंह चौहान, दिनेश भाटिया, देवेंद्र सेतिया, डॉ. राहुल किशोर, डॉ. राहुल गंगवार, राज पपनेजा, सतीश अरोड़ा, पंकज शर्मा, शशांक सिंह, मनु चौहान, आदित्य विक्रम सिंह, दया डसीला, अनिल ठाकुर, जीवन जोशी, विकास बत्रा और अमित सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

समापन पर विवेक दीप सिंह ने स्वस्थ, नशामुक्त और संगठित समाज के निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने की बात कही।





