किच्छा। भगवान महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती के अवसर पर किच्छा के आवास विकास पार्क में श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह और विधायक प्रतिनिधि गौरव बेहड़ ने भगवान महर्षि वाल्मीकि जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया तथा उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने महर्षि वाल्मीकि जी के आदर्शों को याद करते हुए कहा कि उनकी जयंती केवल धार्मिक पर्व ही नहीं, बल्कि समाज में समानता, भाईचारे और मानवता की भावना को मजबूत करने का भी अवसर है। उनके बताए मार्ग पर चलकर एक ऐसे समाज का निर्माण किया जा सकता है, जहां प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, समान अवसर और न्याय प्राप्त हो।
इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य नितिन चरण वाल्मीकि की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में सभासद गुलशन सिंधी, सभासद दिव्यांशु अग्रवाल, देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार वाल्मीकि, पंचायत सभा के सरपंच राकेश कुमार वाल्मीकि और शाखा अध्यक्ष कैलाश वाल्मीकि सहित समाज के कई गणमान्य लोग शामिल हुए।

इसके अलावा कल्लू चरण, सोहनलाल, ईशा चरण, मैकिल, मुकेश, आकाश भगत, राजू, राजेंद्र कुमार, सूरज वाल्मीकि, पप्पू लाल और छत्रपाल वाल्मीकि सहित अनेक लोगों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम के माध्यम से भगवान महर्षि वाल्मीकि जी के विचारों, सामाजिक समरसता और मानवता की सेवा के संदेश को आत्मसात करने का आह्वान किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों पर चलकर समाज में आपसी सद्भाव और समानता को बढ़ावा देने का संकल्प व्यक्त किया।





