काशीपुर: उत्तराखंड के काशीपुर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल जा रहे एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बाजपुर रोड पर उस समय हुआ, जब सब्जियों से लदी एक तेज रफ्तार पिकअप ने छात्रों की बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने आरोपी पिकअप चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मुस्कामपुर परमानंदपुर निवासी 16 वर्षीय शिवम पुत्र मनोज अपने साथियों अक्षय और वासु के साथ बाइक से पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, बरखेड़ी पढ़ने जा रहा था। शिवम और अक्षय कक्षा 10 के छात्र थे, जबकि वासु कक्षा 11 में पढ़ता है।
बताया जा रहा है कि परमानंदपुर के पास सब्जियों से भरी पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक चला रहे शिवम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अक्षय और वासु गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सरकारी अस्पताल, काशीपुर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि हादसे के बाद पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया गया है। वाहन को भी कब्जे में लेकर मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस हादसे के बाद मृतक छात्र के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।





