HomeLocalकिच्छा - 10 वर्षीय बालक की करंट लगने से मौत के बाद...

किच्छा – 10 वर्षीय बालक की करंट लगने से मौत के बाद पूर्व विधायक राजेश शुक्ला सख्त, खुली लाइन होगी इंसुलेटेड वायर

Date:

किच्छा। बीते शनिवार को किच्छा नगर के वार्ड संख्या-16 में विद्युत करंट की चपेट में आने से 10 वर्षीय बालक राज की हुई दर्दनाक एवं आकस्मिक मृत्यु के बाद पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने इस घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तत्काल विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की पहल की। घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक राजेश शुक्ला पीड़ित परिवार के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया तथा हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने मौके से ही विद्युत विभाग के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर गहरी नाराजगी व्यक्त की तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तत्काल आवश्यक एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।

इसी क्रम में आज पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने किच्छा विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता संजय तिवारी के साथ बैठक कर वार्ड संख्या-16 की विद्युत व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आबादी के बीच से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की नेकेड (खुली) विद्युत लाइन को प्राथमिकता के आधार पर कवर कंडक्टर (इंसुलेटेड वायर) से प्रतिस्थापित किया जाए, जिससे आबादी वाले क्षेत्र में विद्युत दुर्घटनाओं की संभावनाओं को समाप्त किया जा सके तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि किसी मासूम बालक की असमय मृत्यु पूरे समाज के लिए अत्यंत पीड़ादायक है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना प्रशासन एवं संबंधित विभागों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम शीघ्र उठाए जाने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।

बैठक में अधिशासी अभियंता संजय तिवारी ने पूर्व विधायक को अवगत कराया कि वार्ड संख्या-16 के आबादी क्षेत्र में लगभग तीन से चार किलोमीटर तक 11 हजार वोल्ट की नेकेड विद्युत लाइन गुजर रही है। उन्होंने बताया कि वर्षों पूर्व जब यह लाइन डाली गई थी, उस समय क्षेत्र में आबादी कम थी, लेकिन समय के साथ लोगों द्वारा लाइन के नीचे एवं उसके आसपास मकानों का निर्माण कर लिया गया, जिससे सुरक्षा संबंधी जोखिम बढ़ गया है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। अधिशासी अभियंता ने बताया कि पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के सतत प्रयासों एवं सहयोग से उक्त कार्य के लिए केंद्र पोषित योजना के अंतर्गत लगभग 35 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि अब आबादी क्षेत्र से होकर गुजर रही लगभग तीन से चार किलोमीटर लंबी 11 हजार वोल्ट की नेकेड लाइन को कवर कंडक्टर (इंसुलेटेड वायर) से बदलने की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाएगी। इसके लिए विभागीय औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं तथा अतिशीघ्र कार्य को धरातल पर शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि कार्य पूर्ण होने के बाद वार्ड संख्या-16 के घनी आबादी वाले क्षेत्र में विद्युत सुरक्षा पहले की अपेक्षा कहीं अधिक मजबूत होगी तथा भविष्य में इस प्रकार की दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं की पुनरावृत्ति पर प्रभावी रोक लग सकेगी।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि जनता की सुरक्षा एवं जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय पर उनका प्रयास सदैव प्राथमिकता के साथ रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों के जीवन की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसी उद्देश्य से विद्युत विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर इस महत्वपूर्ण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराया जा रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि कार्य पूर्ण होने के बाद वार्ड संख्या-16 के हजारों नागरिकों को सुरक्षित विद्युत व्यवस्था का लाभ मिलेगा तथा लंबे समय से चली आ रही इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सकेगा।

Latest stories