देहरादून: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जुलाई को उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में युवाओं और छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। राजस्थान के कोटा से शुरू हुई इस पहल का अगला पड़ाव अब उत्तराखंड होगा। राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

शुक्रवार को देहरादून स्थित कांग्रेस भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में वरिष्ठ नेताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों और अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान वरिष्ठ नेताओं से सुझाव भी लिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए गणेश गोदियाल ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने का मंच है। उन्होंने दावा किया कि यह कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा और इसका संदेश राज्य के प्रत्येक छात्र और युवा तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य की नीतियों के कारण युवाओं के सामने रोजगार का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उनका कहना था कि उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद प्रदेश के युवा रोजगार के लिए भटकने को मजबूर हैं और उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुना जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस के अनुसार, राजस्थान से शुरू हुई ‘छात्रों की गूंज’ मुहिम का उत्तराखंड चरण 17 जुलाई को देहरादून के परेड ग्राउंड से शुरू होगा, जहां राहुल गांधी छात्रों और युवाओं से संवाद कर उनके मुद्दों को सुनेंगे और अपनी बात रखेंगे। कांग्रेस का दावा है कि इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों, युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं की भागीदारी रहेगी।





