किच्छा/पंतनगर। किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने जनसंपर्क अभियान के तहत पंतनगर क्षेत्र के विभिन्न ब्लॉकों एवं बस्तियों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने श्रमिक साथियों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना।

जनसंपर्क अभियान के दौरान श्रमिकों ने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों को पूर्व विधायक के समक्ष रखा। उन्होंने रोजगार, बुनियादी सुविधाओं और स्थानीय समस्याओं को लेकर अपनी चिंताएं साझा कीं।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने श्रमिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास और श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए वह लगातार प्रयासरत रहेंगे।

इस मौके पर स्थानीय लोगों ने भी अपनी भागीदारी निभाई और जनसंवाद के माध्यम से क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। अभियान के दौरान जनता और जनप्रतिनिधि के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ, जिससे समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई जा रही है।





