शक्तिफार्म। उत्तराखंड में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को शक्तिफार्म में ब्लॉक युवा कांग्रेस की कार्यकारिणी का विस्तार किया गया। इस दौरान दर्जनों युवाओं ने कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा में विश्वास जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में नवनियुक्त पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम आचार्य ने की, जबकि संचालन ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमित सरकार ने किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उत्तम आचार्य ने कहा कि युवा किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। देश और प्रदेश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। कांग्रेस युवाओं को सम्मान, अवसर और नेतृत्व प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि आज के युवा रोजगार, शिक्षा और भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर गंभीर हैं। युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाना और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करना कांग्रेस की प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केवल पदों तक सीमित न रहें, बल्कि गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों की समस्याओं को समझें और जनता के बीच रहकर उनकी आवाज बनें।
उत्तम आचार्य ने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत कार्यकर्ताओं की मेहनत, एकजुटता और जनता के प्रति जवाबदेही में निहित है। नए युवाओं के पार्टी से जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी और जनहित से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष को नई दिशा मिलेगी।
इन युवाओं को मिली संगठन में जिम्मेदारी
ब्लॉक युवा कांग्रेस की विस्तारित कार्यकारिणी में शिवा हालदार को महासचिव, देवरत मंडल और शुभम राय को उपाध्यक्ष, कार्तिक को सचिव तथा विष्णु राय को उपसचिव मनोनीत किया गया। इसके अलावा पंकज दास, आशीष मंडल, सूरज हीरा, तुषार सरकार, विवेक मंडल, वृजेन विश्वास और विष्णु तरफदार को कार्यकारिणी सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नवनियुक्त पदाधिकारियों और कांग्रेस में शामिल हुए युवाओं का कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम के माध्यम से संगठन को मजबूत करने और युवाओं को पार्टी की गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया गया।
इस मौके पर पूर्व दर्जा राज्य मंत्री बलवंत बोहरा, करण जंग, हसनैन मलिक, दीपक विश्वास, भगवान पांडेय, शशिभूषण विश्वास, रंजीत, उत्तम हालदार, सुमिंदर यादव, श्रीकांत, अजय सिंह, सपना ओझा, गुड़िया अधिकारी, शेरू, पांचू मंडल, निरंजन मंडल और लक्ष्मण मंडल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।





