किच्छा। नगर निकाय चुनाव के प्रचार अभियान के तहत विधायक तिलक राज बेहड़ ने सोमवार को वार्ड नंबर 13 आवास विकास से वार्ड नंबर 12 तक कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में व्यापक डोर-टू-डोर जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष पद के कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह तथा वार्ड सभासद प्रत्याशी गुलशन सिंधी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

जनसंपर्क अभियान के दौरान विधायक बेहड़ ने क्षेत्रवासियों से संवाद करते हुए कांग्रेस की नीतियों और विकास कार्यों को जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा कि किच्छा की जनता से मिल रहा स्नेह, विश्वास और समर्थन पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए नई ऊर्जा का स्रोत है। कांग्रेस हमेशा जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए कार्य करती रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशियों के साथ मिलकर किच्छा के विकास को नई दिशा और गति देने का संकल्प लिया गया है। बेहड़ ने कहा कि यह चुनाव केवल प्रत्याशियों के चयन का नहीं, बल्कि नगर के विकास, स्वच्छता, बेहतर नागरिक सुविधाओं और जनता की आवाज को मजबूत करने का चुनाव है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस भविष्य में भी जनता के बीच रहकर उनकी सेवा और समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
इस अवसर पर कांग्रेस नगर अध्यक्ष बबलू चौधरी, दर्शन कोहली, ओमप्रकाश दुआ, हरभजन सिंह, मेजर सिंह, गौरव चावला, मनोज गाबा, धर्मेंद्र सिंधी, राजू वासवानी, मुकेश त्रैलानी, अजय अरोड़ा, तारा सिंधी, डिंपल धन्जू, यमंक चिटकारा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।





