टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड की चारधाम यात्रा के दौरान एक बड़ा हवाई हादसा टल गया, जब बदरीनाथ से देहरादून जा रहा ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का हेलीकॉप्टर अचानक हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। घटना टिहरी जिले के सकलाना क्षेत्र के सत्यों-नौगांव के ऊपर सुबह करीब साढ़े 9 बजे हुई, जिससे हेलीकॉप्टर में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर को निर्धारित रूट के तहत गुप्तकाशी होकर देहरादून पहुंचना था, लेकिन अंतिम समय में रूट बदलकर सीधे देहरादून जाने का निर्देश दिया गया। नए रूट पर चंबा-आराकोट क्षेत्र के ऊपर उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर के पिछले रोटर में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार फंस गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तार फंसते ही हेलीकॉप्टर हवा में असंतुलित होकर बुरी तरह हिचकोले खाने लगा और नीचे गिरने की स्थिति बन गई। इस खतरनाक स्थिति में पायलट अनुपमा चौधरी ने असाधारण धैर्य और साहस का परिचय देते हुए हेलीकॉप्टर पर नियंत्रण बनाए रखा और फंसे तार के साथ ही उसे सुरक्षित रूप से सत्यों-सकलाना के खेतों में इमरजेंसी लैंडिंग करा दी।
हादसे में हेलीकॉप्टर का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन पायलट सहित सभी छह यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। हेलीकॉप्टर में पायलट अनुपमा चौधरी के अलावा राज सूरी, श्रीराज सूरी, भूमि सूरी, पार्थ सूरी, हिमांशी पटेल और निष्का सवार थे।

घटना की सूचना मिलते ही चंबा-सत्यो पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। धनोल्टी तहसीलदार मोहम्मद शादाब ने बताया कि पायलट की सूझबूझ के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित सड़क मार्ग से देहरादून भेज दिया गया है।





