रुद्रपुर। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में संचालित एक फर्जी दस्तावेज निर्माण केंद्र का भंडाफोड़ किया है। यहां जनसेवा केंद्र की आड़ में नकली आधार कार्ड, पैन कार्ड और शैक्षणिक प्रमाणपत्र तैयार किए जा रहे थे।

उधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुखबिर की सूचना पर मछली मार्केट रोड स्थित जनसेवा केंद्र पर छापा मारा गया। प्रारंभिक जांच के बाद सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस और एसटीएफ की टीम ने संयुक्त रेड की।
युवक गिरफ्तार, बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चेतन कुमार (21), पुत्र राजपाल, निवासी पटवाई थाना, रामपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया। आरोपी वर्तमान में ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में रह रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह PIXELLAB एप्लिकेशन की मदद से ग्राहकों के फोटो, नाम और पते में बदलाव कर नकली आधार, पैन कार्ड और मार्कशीट तैयार करता था। इन दस्तावेजों का उपयोग सिडकुल क्षेत्र की कंपनियों में नौकरी पाने के लिए किया जाता था।
डिजिटल और प्रिंट सामग्री जब्त
दुकान और आरोपी के मोबाइल फोन की तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में नकली दस्तावेजों की डिजिटल कॉपी बरामद हुई। मौके से 40 नकली आधार कार्ड, 53 नकली पैन कार्ड, फर्जी मार्कशीट, एक प्रिंटर, मॉनिटर, सीपीयू, कीबोर्ड, माउस, बायोमेट्रिक स्कैनर, फोटो कॉपी पेपर और मोबाइल फोन जब्त किए गए। कंप्यूटर स्क्रीन पर भी नकली मार्कशीट तैयार की जा रही थीं।
मुकदमा दर्ज, जांच जारी
आरोपी के खिलाफ ट्रांजिट कैंप थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य संभावित सहयोगियों और ग्राहकों की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के नकली दस्तावेज बनाने या उपयोग करने से बचें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





