रुद्रपुर में आयोजित सरस आजीविका मेले के तीसरे दिन सोमवार देर रात तक उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। रात लगभग 10 बजे मंच पर पहुंचे मशहूर पंजाबी और बॉलीवुड गायक जस्सी गिल ने अपने सुपरहिट गीतों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। उनकी प्रस्तुति के दौरान युवा दर्शक हाथों में मोबाइल लेकर कुर्सियों और बैरिकेडिंग पर चढ़कर वीडियो बनाते नजर आए, जबकि युवतियों ने भी पूरे जोश के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।

जस्सी गिल ने ‘बापू जमींदार’, ‘निकले करंट तेरे यार जो’, ‘काली एक्टिवा दा’ और ‘जूती थल रख दिया मित्रा ने दिल नू, लगता है जानदी नी हाले जस्सी गिल नू’ जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी। उनके सुरों पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे और पूरा पंडाल तालियों और उत्साह से गूंज उठा।
स्टार नाइट से पहले आयोजित कवि सम्मेलन ने भी कार्यक्रम को खास बना दिया। हास्य कवि सुदीप भोला, रशिक गुप्ता और प्रताप फौजदार ने अपनी व्यंग्यात्मक और हास्य रचनाओं से दर्शकों को खूब गुदगुदाया।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, दायित्वधारी उत्तम दत्ता, ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर तथा डीएम नितिन सिंह भदौरिया सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पंडाल देर रात तक दर्शकों से खचाखच भरा रहा और आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।





