देहरादून। आरबीआई और इनकम टैक्स अधिकारी बनकर टिहरी निवासी व्यक्ति से लाखों रुपये की ठगी करने वाले साइबर अपराधी को सीबीसीआईडी ने बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, थाना हिंडोलाखाल क्षेत्र के निवासी सोहनलाल रतूड़ी ने 7 जुलाई 2021 को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने खुद को आरबीआई और आयकर विभाग का अधिकारी बताते हुए उन्हें ढाई करोड़ रुपये की लॉटरी लगने का झांसा दिया। आरोपियों ने विभिन्न टैक्स और शुल्क के नाम पर उनसे करीब 24 लाख रुपये ठग लिए।
मामले में थाना हिंडोलाखाल, जिला टिहरी गढ़वाल में मुकदमा दर्ज कर जांच सीबीसीआईडी सेक्टर देहरादून को सौंपी गई। विवेचक भारत सिंह ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की गहन जांच की। 11 फरवरी 2026 को टीम को बिहार और पश्चिम बंगाल में दबिश के लिए भेजा गया।
जांच के दौरान 13 फरवरी को मुख्य आरोपी अभय कुमार सिंह को बिहार के पश्चिमी चंपारण से गिरफ्तार किया गया। खातों की जांच में ठगी से जुड़े 4 लाख 10 हजार रुपये के लेनदेन की पुष्टि हुई। 16 फरवरी को आरोपी को टिहरी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस प्रकरण में आरोपी के तीन अन्य साथी—गुंजन कुमार, नितेश कुमार झा और धनंजय यादव—को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
सीबीसीआईडी के आईजी अरुण मोहन जोशी ने बताया कि जांच के आधार पर आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया गया है और न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।





