देहरादून/ऋषिकेश: बदरीनाथ धाम में अब सिंहद्वार से आगे मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। गढ़वाल आयुक्त ने इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत चमोली जिला प्रशासन को मोबाइल जमा करने की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।

ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप में आयोजित चारधाम यात्रा की तैयारी बैठक में गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरुप, और पौड़ी, टिहरी, चमोली, हरिद्वार, उत्तरकाशी व रुद्रप्रयाग के डीएम व एसपी उपस्थित रहे। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि रील और ब्लॉग बनाने के दौरान धार्मिक स्थलों पर विवादों को रोकने के लिए कड़े दिशा-निर्देश लागू किए जाएँ।
गौरतलब है कि इस शीतकालीन यात्रा के दौरान चारधामों के प्रवास स्थलों में अब तक 27 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
-
बाबा केदार के प्रवास स्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में 17 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं।
-
बदरीनाथ धाम में पूजा पांडुकेश्वर और नृसिंह मंदिर, जोशीमठ में होती है, जहां अब तक 6,400 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
-
यमुनोत्री धाम की शीतकालीन पूजा खरसाली में होती है, जहां 1,017 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
-
गंगोत्री धाम के प्रवास स्थल मुखवा में 3,300 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
उत्तराखंड सरकार बारहमासी पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शीतकालीन यात्रा का प्रचार प्रसार कर रही है। राज्य के पर्यटन विभाग का कहना है कि जो तीर्थयात्री मुख्य चारधामों तक नहीं पहुँच पाते, वे शीतकालीन प्रवास स्थलों पर पूजा अर्चना और दर्शन कर सकते हैं।





