HomeNationalउत्तराखंड: अल्मोड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा, यात्रियों से भरी बस खाई में...

उत्तराखंड: अल्मोड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा, यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, 7 की मौत, 12 घायल

Date:

अल्मोड़ा/रामनगर। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। भिकियासैंण–विनायक मोटर मार्ग पर द्वाराहाट से रामनगर जा रही यात्रियों से भरी केएमओयू की बस अनियंत्रित होकर सैलापानी बैंड के पास गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस दर्दनाक दुर्घटना में अब तक 7 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि लगभग 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दुर्गम पहाड़ी इलाका होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में खासी मशक्कत करनी पड़ी।

दुर्घटनाग्रस्त बस कुमाऊं मोटर ऑनर्स यूनियन (केएमओयू) लिमिटेड की बताई जा रही है, जिसका पंजीकरण संख्या यूके 07 पीए 4025 है। बस सोमवार सुबह 11 बजे रामनगर से द्वाराहाट नोबाड़ा के लिए रवाना हुई थी। मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे बस द्वाराहाट नोबाड़ा से रामनगर के लिए चली, लेकिन करीब डेढ़ घंटे बाद सुबह लगभग 8 बजे सैलापानी बैंड के पास हादसे का शिकार हो गई। बस में कुल 19 यात्री सवार थे। चालक और परिचालक सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

ALMORA BUS ACCIDENT

अल्मोड़ा के एसएसपी देवेंद्र पिंचा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमें मौके पर भेज दी गई थीं। मृतकों और घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

जिला प्रशासन के अनुसार, मृतकों में 4 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। मृतकों की पहचान इस प्रकार है—
गोविंद बल्लभ (80 वर्ष), पार्वती देवी (75 वर्ष), रिटायर्ड सूबेदार नंदन सिंह (65 वर्ष), तारा देवी (50 वर्ष), गणेश (25 वर्ष), उमेश (25 वर्ष), जबकि एक अन्य मृतक की शिनाख्त की जा रही है।

वहीं घायलों में नंदा बल्लभ, राकेश कुमार, नंदा देवी, हंसी सती, मोहित सती, बुद्धिबल्लभ भगत, हरीश चंद्र, भूपेंद्र सिंह अधिकारी, जितेंद्र रेखाड़ी, चालक नवीन चंद्र तिवारी, हिमांशु पालीवाल और प्रकाश चंद्र शामिल हैं।

हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि भिकियासैंण–विनायक मार्ग पर बस दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुःखद है। जिला प्रशासन घायलों को त्वरित उपचार उपलब्ध करा रहा है और गंभीर घायलों को उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया है। सरकार पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

गौरतलब है कि सल्ट तहसील क्षेत्र में 14 महीनों के भीतर यह दूसरा बड़ा बस हादसा है। इससे पहले 4 नवंबर 2024 को मारचूला के पास एक बस दुर्घटना में 36 लोगों की जान चली गई थी, जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था।

Latest stories

किच्छा का शुक्ला दशक, बड़े प्रोजेक्ट्स और भविष्य की नई इबारत

उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में किच्छा की पहचान लंबे...

उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक गायक दीवान कनवाल का निधन, पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल ने जताया गहरा शोक

देहरादून: दीवान कनवाल, जो उत्तराखंड के प्रसिद्ध कुमाऊंनी लोकगायक...

उत्तराखंड: होली पर जबरदस्ती रंग लगाया तो सीधे होगी जेल, एसएसपी ने दिए निर्देश

नैनीताल: होली के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन ने कानून व्यवस्था...

उत्तराखंड: सांख्यिकी विभाग के अधिकारी को 5 हजार की रिश्वत लेते CBI ने रंगे हाथों किया गिरफ्तार

देहरादून: देहरादून स्थित नेशनल स्टेटिस्टिकल ऑफिस (NSO) के वरिष्ठ...