देहरादून। उत्तराखंड पुलिस विभाग में लंबे समय से रिक्त पड़े आरक्षी पदों पर भर्ती प्रक्रिया अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने शारीरिक माप-जोख, शारीरिक दक्षता और लिखित परीक्षा के आधार पर अभ्यर्थियों की संयुक्त श्रेष्ठता सूची जारी कर दी है। इसके साथ ही अभ्यर्थियों के अभिलेखों की स्क्रूटनी की तिथि भी घोषित कर दी गई है, जिसके बाद अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी।
![]()
इस भर्ती प्रक्रिया के पूर्ण होने के बाद राज्य पुलिस विभाग को करीब 2000 नए आरक्षी मिलने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि यह भर्ती काफी समय पहले शुरू हुई थी, लेकिन न्यायालय में मामला लंबित होने के कारण प्रक्रिया में लगातार विलंब होता रहा। अब कोर्ट से रोक हटने के बाद आयोग ने भर्ती प्रक्रिया को दोबारा गति दे दी है।
UKSSSC द्वारा कुल 2545 अभ्यर्थियों की संयुक्त मेरिट सूची जारी की गई है। यह सूची शारीरिक माप-जोख परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा और लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की गई है। चूंकि कुल पदों की संख्या 2000 है, इसलिए अभिलेखों की जांच के दौरान संभावित अपात्रता को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त अभ्यर्थियों को भी सूची में शामिल किया गया है। दस्तावेज सत्यापन के बाद रिक्त पदों के अनुरूप अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी।
आयोग ने मेरिट सूची में शामिल सभी अभ्यर्थियों को 12 जनवरी 2026 को उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के कार्यालय में उपस्थित होकर अपने मूल अभिलेखों की स्क्रूटनी कराने के निर्देश दिए हैं। अभिलेखों के सफल सत्यापन के बाद ही अंतिम चयन प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी।
गौरतलब है कि इन पदों के लिए आयोग ने 30 अक्टूबर 2024 को विज्ञप्ति जारी की थी। कुल 2000 पदों के लिए 24 फरवरी से 4 अप्रैल 2025 के बीच राज्य के 17 विभिन्न केंद्रों पर शारीरिक माप-जोख एवं दक्षता परीक्षाएं आयोजित की गई थीं। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा 3 अगस्त 2025 को संपन्न कराई गई थी।
हालांकि परीक्षा के बाद भर्ती प्रक्रिया न्यायालय में चुनौती के चलते अटक गई थी, जिससे समय पर चयन संभव नहीं हो पाया। 19 दिसंबर 2025 को अदालत द्वारा रोक हटाए जाने के बाद आयोग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संयुक्त मेरिट सूची जारी कर दी है। अब उम्मीद जताई जा रही है कि शीघ्र ही अंतिम चयन सूची जारी कर उत्तराखंड पुलिस विभाग को नए आरक्षी उपलब्ध कराए जाएंगे।





