रुद्रपुर। नाबालिग को बहला-फुसलाकर घर से ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के गंभीर मामले में गदरपुर कोतवाली पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था और वह लंबे समय से पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी तक पहुंचने में सफलता पाई।

गदरपुर थाना पुलिस के अनुसार 19 मई को पीड़ित के पिता ने तहरीर देकर बताया कि 17 मई को वह अपनी पत्नी के साथ किसी कार्य से बाहर गए थे। घर पर उनकी नाबालिग बेटी अकेली थी। जब वे वापस लौटे तो बेटी घर पर नहीं मिली। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल पाया।
इसी दौरान पीड़ित के पिता के फोन पर विवेक दास नामक युवक का कॉल आया, जिसने बताया कि नाबालिग उसके पास है और उसे तलाशने की कोशिश न करने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गदरपुर पुलिस की टीम ने करीब 2000 किलोमीटर तक पीछा किया और पश्चिम बंगाल व अयोध्या समेत कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और मोबाइल सर्विलांस का सहारा लिया, जिससे आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई।
लोकेशन मिलने के बाद पुलिस टीम अयोध्या पहुंची और रामपुर हेलवारा पोस्ट-सरारासी क्षेत्र में निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग के पास से आरोपी विवेक दास को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई नियमानुसार जारी है।





