रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जनपद में शीतलहर और घने कोहरे की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सोमवार को बड़ा निर्णय लिया है। उन्होंने जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों और कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी निजी, अर्ध-सरकारी एवं सरकारी विद्यालयों में अवकाश घोषित करने के आदेश जारी किए हैं। साथ ही आदेश की अवहेलना करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि तराई क्षेत्र में लगातार बढ़ रही ठंड और घने कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता बेहद कम हो गई है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग द्वारा भी सोमवार को घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए एहतियातन यह निर्णय लिया गया है।

जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह फैसला छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है। उन्होंने सभी तहसीलदारों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। आदेश का पालन न करने वाले विद्यालयों एवं संस्थानों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
उधर, उत्तराखंड मौसम विभाग ने भी राज्य के हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, देहरादून और पौड़ी जनपदों में घने कोहरे की संभावना जताई है। हरिद्वार और उधम सिंह नगर में शीत दिवस की स्थिति बनने की आशंका के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। राजधानी देहरादून में आंशिक बादल छाए रहने और कोहरा रहने की संभावना जताई गई है, जहां अधिकतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।





