रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की स्थित सिविल अस्पताल में विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक डॉक्टर को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए डॉक्टर पर मारपीट के एक मामले में लीगल सप्लीमेंट्री रिपोर्ट बनाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी डॉक्टर आभास सिंह का करीब एक माह पहले मसूरी से रुड़की सिविल अस्पताल में तबादला हुआ था। शनिवार रात वह सिविल अस्पताल की इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान देहरादून से पहुंची विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए डॉक्टर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए धर दबोचा।
विजिलेंस टीम के मुताबिक, डॉक्टर आभास सिंह ने मारपीट में घायल एक व्यक्ति से लीगल सप्लीमेंट्री रिपोर्ट तैयार करने के बदले 30 हजार रुपये की मांग की थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत देहरादून विजिलेंस से की, जिसके बाद जाल बिछाया गया। योजना के तहत शिकायतकर्ता को शनिवार देर शाम रुपये देने के लिए बुलाया गया। जैसे ही ब्लड बैंक के पास केमिकल लगे 20 हजार रुपये डॉक्टर ने लिए, विजिलेंस टीम ने मौके पर ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम डॉक्टर को उनके सरकारी आवास लेकर गई, जहां तलाशी भी ली गई। इसके बाद डॉक्टर से घंटों पूछताछ की गई और फिर टीम उन्हें अपने साथ देहरादून ले गई।
वहीं इस पूरे मामले में जब ईटीवी भारत ने रुड़की सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. संजय कंसल से फोन पर प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की, तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।





