देहरादून: उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रसिद्ध ब्रांड ‘कैम्पा कोला’ की डिस्ट्रीब्यूटरशिप दिलाने के नाम पर रुद्रपुर निवासी व्यक्ति से 23.55 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है। दोनों आरोपियों को दिल्ली के विजय विहार थाना क्षेत्र, रोहिणी से पकड़ा गया है।

एसटीएफ के अनुसार, पीड़ित ने नवंबर 2025 में साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह गूगल पर कैम्पा कोला की डिस्ट्रीब्यूटरशिप से जुड़ी जानकारी तलाश रहा था, इसी दौरान उसका संपर्क दो लोगों से हुआ, जिन्होंने खुद को कंपनी का अधिकारी बताया। आरोपियों ने विश्वास में लेकर डीलरशिप की बातचीत शुरू की और रजिस्ट्रेशन व सिक्योरिटी फीस के नाम पर बड़ी रकम ऐंठ ली।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पीड़ित से तीन अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर कराए। इसके बाद रकम को कई अन्य खातों में घुमाया गया और अंततः एटीएम के जरिए नकद निकाल लिया गया। STF ने संबंधित बैंकों से पत्राचार कर सीसीटीवी फुटेज जुटाए और एटीएम ट्रांजैक्शन के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
पुलिस जांच में राम कुमार (22 वर्ष), निवासी नवादा, बिहार और शुभम कुमार (22 वर्ष), निवासी विजय विहार, रोहिणी दिल्ली के नाम सामने आए, जिन्हें बाद में दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है, जिसमें अलग-अलग कंपनियों के 8 सिम कार्ड, 27 बैंकों की पासबुक, 18 बैंकों की चेकबुक, 30 एटीएम कार्ड, 5 आधार कार्ड और पैन कार्ड शामिल हैं। बरामद बैंक खातों और दस्तावेजों को लेकर अन्य राज्यों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
साइबर एएसपी कुश मिश्रा ने बताया कि आरोपी बिहार के आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को रोजगार का झांसा देकर दिल्ली बुलाते थे। उनके नाम से अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाए जाते और सैलरी आने का भरोसा दिलाया जाता था। बाद में इन खातों से जुड़े मोबाइल नंबर, एटीएम कार्ड और बैंकिंग किट अपने पास रखकर आरोपी यूपीआई, एटीएम और ऑनलाइन माध्यमों से साइबर ठगी को अंजाम देते थे।
एसटीएफ ने लोगों से अपील की है कि किसी भी कंपनी की डिस्ट्रीब्यूटरशिप या नौकरी के नाम पर मांगी जाने वाली रकम से सतर्क रहें और ठगी की आशंका होने पर तुरंत साइबर पुलिस को सूचना दें।





