किच्छा। आवास विकास कॉलोनी में बड़ा मामला सामने आया है। यहां एक शातिर युवक खुद को सीआईडी अफसर बताकर होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. गौरांग महापात्रा को हाउस अरेस्ट करने पहुंचा। आरोपी ने डॉक्टर और उनकी पत्नी के बारे में करीब दो घंटे तक जानकारी जुटाई और उन्हें बंधक बनाने का प्रयास किया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

जांच में खुलासा हुआ कि यही फर्जी अफसर बंडिया क्षेत्र में दो अन्य लोगों को भी हाउस अरेस्ट करने की धमकी दे चुका है। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है, लेकिन टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की तलाश में जुटी हुई हैं।
सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना की सूचना फैलते ही बुधवार सुबह डॉक्टर के घर पर लोगों की भीड़ जुट गई। इस दौरान विधायक तिलकराज बेहड़, भाजपा नेता संजीव कुमार सिंह समेत कई लोग उनके आवास विकास कॉलोनी स्थित घर पहुंचे। वहीं, किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला भी डॉक्टर से मिलने पहुंचे। उन्होंने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की जानकारी ली और पुलिस प्रशासन से आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने एवं पूरे मामले का पर्दाफाश करने की मांग की।





