अमेरिकी राजनीति में कट्टरता और नफ़रत का एक नया अध्याय जुड़ गया है। डोनाल्ड ट्रंप के मेक अमेरिका ग्रेट अगेन (MAGA) अभियान की कट्टर समर्थक और पूर्व रिपब्लिकन उम्मीदवार वैलेंटीना गोमेज ने सोशल मीडिया पर ऐसा वीडियो जारी किया है, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया है।

इस वीडियो में गोमेज मुसलमानों की पवित्र किताब कुरान को जलाती हुई नज़र आ रही हैं। वीडियो साझा करते हुए उन्होंने लिखा – “मैं टेक्सास में इस्लाम का खात्मा कर दूंगी, हे ईश्वर मेरी मदद करो।” उनके इस बयान ने अमेरिका में मौजूद मुस्लिम समुदाय और पूरी दुनिया के मुसलमानों को झकझोर दिया है।
इस्लाम खत्म करने की खुली धमकी
वीडियो में गोमेज का कहना है कि मुसलमान ईसाई देशों पर कब्जा करने के लिए “बलात्कार और हत्या” करते हैं। उन्होंने अपने समर्थकों से अपील की कि उन्हें कांग्रेस तक पहुँचाया जाए, ताकि “कभी भी इस्लाम के आगे झुकना न पड़े।”
इतना ही नहीं, उन्होंने मुसलमानों को अमेरिका छोड़कर “57 मुस्लिम देशों में जाने” की सलाह तक दे डाली। माना जा रहा है कि यह बयानबाज़ी उनके प्रचार अभियान का हिस्सा है, जिसके जरिए वह कट्टरपंथी वोटरों को साधना चाहती हैं।
मुस्लिम रैली में पहले भी मचाई थी अशांति
यह पहली बार नहीं है जब गोमेज़ ने इस तरह की हरकत की हो। इसी साल मई में वह टेक्सास स्टेट कैपिटल में आयोजित एक मुस्लिम रैली में पहुंच गई थीं। वहां उन्होंने मंच पर चढ़कर आयोजकों से माइक छीना और भड़काऊ भाषण देने लगीं। उस समय भी उन्होंने कहा था – “टेक्सास में इस्लाम के लिए कोई जगह नहीं है।”
वैश्विक स्तर पर भड़क सकती है नाराज़गी
विशेषज्ञों का कहना है कि कुरान जलाने जैसी घटनाएँ न केवल अमेरिका, बल्कि पूरी दुनिया में धार्मिक तनाव और हिंसा को भड़का सकती हैं। कई बार इस तरह की घटनाओं के बाद मुस्लिम देशों में भारी विरोध देखने को मिला है।
हालांकि, गोमेज के वीडियो को सामने आए कई घंटे बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक किसी भी मुस्लिम देश की आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। जानकार मानते हैं कि आने वाले समय में यह विवाद बड़ा अंतरराष्ट्रीय मुद्दा बन सकता है।





