जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का मंगलवार को दिल्ली में निधन हो गया। 79 वर्षीय मलिक ने दोपहर 1 बजकर 10 मिनट पर राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और अस्पताल में उनका इलाज जारी था। मलिक बिहार, जम्मू-कश्मीर, गोवा और मेघालय के राज्यपाल रह चुके थे।
X हैंडल से दी गई जानकारी
उनके निधन की पुष्टि पूर्व राज्यपाल के आधिकारिक X हैंडल से की गई, जिसमें लिखा गया –
“पूर्व गवर्नर चौधरी सत्यपाल सिंह मलिक जी नहीं रहे।”
पूर्व गवर्नर चौधरी सत्यपाल सिंह मलिक जी नहीं रहें।#satyapalmalik
— Satyapal Malik (@SatyapalMalik6) August 5, 2025
अस्पताल से साझा की थी तस्वीर
मई महीने में सत्यपाल मलिक ने अपने X अकाउंट पर अस्पताल से एक तस्वीर साझा की थी। उस पोस्ट में उन्होंने लिखा था,
“मेरे बहुत से शुभचिंतकों के फोन आ रहे हैं, जिन्हें उठाने की स्थिति में नहीं हूं। मेरी हालत काफी खराब है। फिलहाल मैं RML अस्पताल, दिल्ली में भर्ती हूं और किसी से बात करने की स्थिति में नहीं हूं।”
नमस्कार साथियों।
मेरे बहुत से शुभचिंतकों के फ़ोन आ रहे हैं जिन्हें उठाने में मैं असमर्थ हूं।अभी मेरी हालत बहुत खराब है मैं किसी से भी बात करने की हालत में नहीं हूं। 11 मई से राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती हू। संक्रमण की शिकायत के चलते अस्पताल में भर्ती किया गया था। अब… pic.twitter.com/yTWGxuHkyC— Satyapal Malik (@SatyapalMalik6) May 22, 2025
11 मई को भर्ती, ICU में रखा गया था
उन्हें 11 मई को पेशाब से जुड़ी परेशानी के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मलिक किडनी संबंधी गंभीर समस्या से जूझ रहे थे, जिस कारण बाद में उन्हें ICU में शिफ्ट किया गया था।
राजनीतिक सफर
-
सत्यपाल मलिक का जन्म 24 जुलाई 1946 को उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में हुआ था।
-
उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत भारतीय क्रांति दल से की और बाद में कांग्रेस, जनता दल, लोक दल, समाजवादी पार्टी से होते हुए भाजपा में शामिल हुए।
-
वह 1980 से 1989 तक राज्यसभा सदस्य रहे, और 1989 में अलीगढ़ से लोकसभा सांसद चुने गए।
-
उन्हें 30 सितंबर 2017 को बिहार का राज्यपाल बनाया गया।
-
फिर अगस्त 2018 में जम्मू-कश्मीर, 2019 में गोवा, और 2020 में मेघालय के राज्यपाल बनाए गए।
दुष्यंत चौटाला ने जताया शोक
पूर्व राज्यपाल एवं वरिष्ठ जननेता श्री सत्यपाल मलिक जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। वे हमेशा जनहित की बात निर्भीकता से रखते रहे। जननायक जनता पार्टी उनकी बेबाक राजनीति, किसान हितैषी सोच और सार्वजनिक जीवन में सादगी को सादर नमन करती है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।… pic.twitter.com/32ODPqDZKm
— Dushyant Chautala (@Dchautala) August 5, 2025
जननायक जनता पार्टी (JJP) के नेता दुष्यंत चौटाला ने सत्यपाल मलिक के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने X पर पोस्ट कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।