उत्तराखंड के पारंपरिक लोक पर्व हरेला के अवसर पर मंगलवार को पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने मुख्यमंत्री को हरेला पर्व की शुभकामनाएं दीं और सकारात्मकता, समृद्धि व शांति का प्रतीक अशोक का पौधा भेंट किया।

पूर्व विधायक शुक्ला ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि उत्तराखंड की प्रकृति और पर्यावरण से गहरे जुड़ाव का प्रतीक है। यह पर्व राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, हरियाली और प्रकृति के प्रति श्रद्धा का संदेश देता है, जिसे पूरे प्रदेश में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं दीं और इस अवसर पर अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है और हरेला पर्व इस संकल्प को दोहराने का उत्तम अवसर प्रदान करता है।





