समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में INDIA गठबंधन के साथ ही चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन पूरी मजबूती के साथ कायम है और भाजपा को सत्ता से बाहर करने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।
INDIA गठबंधन पर जताया भरोसा
मंगलवार को मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा, “हमारा इंडिया गठबंधन पूरी तरह इंटैक्ट है। जिसे जाना है, वो गठबंधन से बाहर चला जाए, लेकिन हम INDIA गठबंधन के साथ ही चुनाव लड़ेंगे।” उन्होंने भरोसा जताया कि यह गठबंधन प्रदेश में बदलाव की शुरुआत करेगा।
योगी सरकार पर तीखा हमला
अखिलेश यादव ने योगी सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला। कानपुर सीएमओ के हालिया तबादले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “पहले डिप्टी सीएम और सीएम के बीच मनमुटाव की खबरें आती थीं, अब तो सभी एक-दूसरे से लड़ते नजर आ रहे हैं। कोई पिट रहा है, तो कोई खुद अपनी स्थिति से परेशान है।”
#WATCH | Lucknow | SP Chief Akhilesh Yadav says, “INDIA alliance is intact… Those who want to leave the alliance are free to do so. It will fight (2027 UP Assembly) Elections…” pic.twitter.com/tTRLXsX0F5
— ANI (@ANI) June 17, 2025
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर गंभीर आरोप
स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर भी अखिलेश यादव ने राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा, “प्रदेश में मरीजों को दवा के नाम पर कोयले जैसा घोल दिया जा रहा है। गलत इंजेक्शन की वजह से लोगों की जान जा रही है। यह सरकार गरीबों और पिछड़ों को न्याय नहीं देना चाहती।”
बुनकरों की स्थिति पर जताई चिंता
बुनकरों की दुर्दशा पर चिंता जताते हुए अखिलेश ने कहा कि उन्हें नई तकनीक और आधुनिक मशीनें मिलनी चाहिए, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं की अनदेखी कर रही है। उन्होंने वादा किया कि सपा सरकार बनने पर बुनकरों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर होगा।
माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी की प्रेस वार्ता – 17/06/2025 https://t.co/tYWzfJoALT
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) June 17, 2025
2027 में प्रस्तावित हैं चुनाव
उत्तर प्रदेश विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल मई 2027 में समाप्त होगा। ऐसे में माना जा रहा है कि अगले विधानसभा चुनाव फरवरी-मार्च 2027 के बीच हो सकते हैं। हालांकि, अभी तक चुनाव आयोग ने इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
संक्षेप में:
-
सपा 2027 का चुनाव INDIA गठबंधन के साथ लड़ेगी।
-
योगी सरकार पर अखिलेश का तीखा हमला।
-
स्वास्थ्य सेवाओं और बुनकरों की स्थिति पर उठाए सवाल।
-
बदलाव का दावा, भाजपा को सत्ता से बाहर करने का संकल्प।