पंतनगर, 1 जून 2025 — भारतीय जनता पार्टी पंतनगर मंडल की ओर से रविवार को ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक सफलता के उपलक्ष्य में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा इंदिरा कॉलोनी से शुरू होकर टा कॉलोनी, छोटी मार्केट होते हुए शिवाजी पार्क पर संपन्न हुई।
इस गौरवपूर्ण यात्रा का नेतृत्व पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता ने किया। यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवाओं, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और भाजपा पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। देशभक्ति के नारों और हाथों में लहराते तिरंगों के साथ पंतनगर का वातावरण पूरी तरह राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा, “ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सेना की बहादुरी और निष्ठा का प्रतीक है। इस अभियान की सफलता पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। तिरंगा यात्रा हमारे वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि देने और उनके प्रति सम्मान प्रकट करने का माध्यम है।”
वहीं, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता ने कहा, “हमारे सैनिकों ने देश की रक्षा के लिए जो बलिदान दिया है, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। ऑपरेशन सिंदूर ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भारतीय सेना हर चुनौती का डटकर सामना करने में सक्षम है। आज हर नागरिक को राष्ट्र सेवा के लिए संकल्प लेना चाहिए।”
यात्रा में भाजपा के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे, जिनमें पूर्व मंडल अध्यक्ष दीप नारायण यादव, मंडल अध्यक्ष पिंकी डिमरी, शक्ति केंद्र संयोजक लक्ष्मी डिमरी, महामंत्री टीकम कोरंगा, आशीष ढाडा, अशोक गुप्ता, जे.पी. श्रीवास्तव, हरीश भट्ट, गिरीश जोशी, मन्ना देवी, मन्ना कश्यप, कैलाश शर्मा, राजेंद्र भट्ट, सचिन शर्मा, गंगा पपोला, संजय सिंह, सभासद गोपाल जोशी, राधे प्रसाद, हरि कुमार, नंदू पखवाल, गौरव, सागर, विश्वजीत, धीरु सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।