गाजियाबाद, 1 जून 2025 — कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पाकिस्तान में इतने लोकप्रिय हैं कि अगर वहां से चुनाव लड़ें तो भारी बहुमत से जीत सकते हैं। यह बयान उन्होंने उस वक्त दिया जब राहुल गांधी के कुछ वीडियो पाकिस्तान में वायरल हो गए थे।

गाजियाबाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए आचार्य प्रमोद ने कहा, “राहुल गांधी को न भारतीय सेना पर भरोसा है और न ही देश की संस्थाओं पर। जब सेना कहती है कि उसने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया, तो वह सबूत मांगते हैं, लेकिन पाकिस्तान के नेताओं की बात बिना सवाल स्वीकार कर लेते हैं। यही वजह है कि पाकिस्तान की जनता उन्हें बेहद पसंद करती है। लगता है कि उनका पाकिस्तान से कोई खास लगाव है।”
ऑपरेशन सिंदूर पर सवाल उठाने पर टिप्पणी
राहुल गांधी द्वारा ऑपरेशन सिंदूर को लेकर सरकार से सवाल पूछे जाने पर आचार्य प्रमोद ने कटाक्ष करते हुए कहा, “राहुल गांधी ने सेना, संसद और संविधान पर सवाल उठाना आदत बना ली है। जब कोई बच्चा बिगड़ता है तो सुधार की उम्मीद रहती है, लेकिन राहुल गांधी जैसे प्रतिष्ठित परिवार से होने के बावजूद पूरी तरह से बिगड़ चुके हैं। मुझे उनमें कोई सुधार की संभावना नहीं दिखती, फिर भी मैं उन्हें यही सलाह दूंगा कि देश विरोधी बयानबाजी से बचें।”
इंदिरा गांधी बनाम नरेंद्र मोदी की तुलना पर प्रतिक्रिया
कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से किए जाने पर उन्होंने कहा, “इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया था, लेकिन नरेंद्र मोदी जैसा प्रधानमंत्री देश को कभी नहीं मिला। आज भारत को जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है, उसका श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को जाता है।”
अजय राय को बताया मोहरा
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के परिवार की तस्वीरें साझा किए जाने को लेकर उठे विवाद पर आचार्य प्रमोद ने कहा, “अजय राय तो केवल एक मोहरा हैं, असली रणनीति राहुल गांधी की है। जब वह चुनाव हारते हैं, तो लोकतंत्र को मरा हुआ बताते हैं, और जब जीतते हैं, तो वह जीवित हो जाता है।”
कांग्रेस में विद्रोह की संभावना पर बोले
राहुल गांधी को ‘असामान्य व्यक्ति’ बताते हुए आचार्य प्रमोद ने कांग्रेस नेताओं सलमान खुर्शीद और शशि थरूर द्वारा प्रधानमंत्री मोदी की सराहना किए जाने पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “मैं यह नहीं कहूंगा कि कांग्रेस में बगावत शुरू हो गई है, लेकिन अब प्रधानमंत्री की तारीफ कोई राजनीतिक मजबूरी नहीं, बल्कि सच बन चुकी है। अगर नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री न होते, तो न राम मंदिर बनता, न तीन तलाक खत्म होता और न पाकिस्तान को इतना कड़ा जवाब मिलता। जो व्यक्ति अपना जीवन राष्ट्र सेवा को समर्पित करता है, उसकी प्रशंसा तो होनी ही चाहिए।”





