पंचकूला से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां देहरादून के एक ही परिवार के 7 सदस्यों ने सामूहिक आत्महत्या कर ली। ये सभी शव पंचकूला के सेक्टर-27 में एक मकान के बाहर सड़क पर खड़ी गाड़ी में पाए गए।

सूत्रों के अनुसार, यह आत्महत्या भारी कर्ज और आर्थिक तंगी की वजह से की गई। मृतक देहरादून निवासी प्रवीण मित्तल (उम्र 42 वर्ष) अपने परिवार के साथ पंचकूला में आयोजित बागेश्वर धाम की हनुमंत कथा में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद, घर लौटने से पहले ही उन्होंने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
मृतकों में प्रवीण मित्तल के माता-पिता, उनकी पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिससे आत्महत्या की पुष्टि होती है।
सोमवार रात करीब 11 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि मकान नंबर 1204 के बाहर खड़ी एक कार में कुछ लोग अजीब स्थिति में बैठे हैं और तड़प रहे हैं। पुलिस की ईआरवी टीम मौके पर पहुंची तो गाड़ी में 6 लोग गंभीर हालत में मिले। उन्हें तुरंत सेक्टर-26 स्थित ओजस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान सभी की मौत हो गई।
इसी दौरान एक अन्य व्यक्ति भी गाड़ी से बाहर आकर तड़पता हुआ मिला, जिसे सेक्टर-6 के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, पर वह भी बच नहीं सका।
पुलिस ने सभी शवों को पंचकूला के निजी अस्पतालों के शवगृह में रखवाया है। मामले की जांच के लिए डीसीपी हिमाद्री कौशिक और डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर अमित दहिया मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।





