ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने सामूहिक विवाह योजना को और खास बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अब इस योजना के तहत शादी करने वाली कन्याओं को सिंदूरदान (सिंधौरा) और लाल कांच की चूड़ियां भी उपहार स्वरूप दी जाएंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर में एक सामूहिक विवाह समारोह में इस बात की घोषणा की।

गोरखपुर में 1200 जोड़ों का सामूहिक विवाह
सीएम योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां 1200 जोड़ों का विवाह कराया गया। इस मौके पर उन्होंने बताया कि शासनादेश जारी हो चुका है, लेकिन चूंकि यह नया है, इसलिए इस बार गोरखपुर में हुए विवाह कार्यक्रम में गिफ्ट बाद में दिए जाएंगे।
दुल्हन को मिलेंगे खास गिफ्ट
इस योजना के तहत अब दुल्हनों को उपहार में एक ब्राइडल साड़ी या लहंगा, दो कढ़ाई वाली साड़ियां, दो प्रिंटेड साड़ियां, पांच पेटीकोट-ब्लाउज, एक कढ़ाई वाली चुनरी, एक जोड़ी चांदी की पायल और बिछिया दी जाएंगी। इसके अलावा सिंदूर भरी सिंदूरदानी और लाल कांच की चूड़ियां भी शामिल होंगी। दुल्हन को चार लाख के कड़े भी उपहार में दिए जाएंगे।
दूल्हों के लिए भी खास तैयारियां
दूल्हों को ब्रांडेड पैंट-शर्ट, गमछा के साथ-साथ घर-गृहस्थी का सामान जैसे स्टेनलेस स्टील डिनर सेट, 5 लीटर प्रेशर कुकर, कढ़ाई, ट्रॉली बैग, दीवार घड़ी, सीलिंग फैन, प्रेस, गद्दे, तकिए, कंबल, चादर और डबल बेड भी दिया जाएगा।
एक जोड़े पर सरकार खर्च करेगी 1 लाख रुपये
23 मई को योगी सरकार ने इस योजना को लेकर नया शासनादेश जारी किया है, जिसके तहत अब हर जोड़े पर सरकार 1 लाख रुपये खर्च करेगी। इसमें से 60,000 रुपये सीधे दुल्हन के खाते में भेजे जाएंगे, 25,000 रुपये के उपहार दिए जाएंगे और 15,000 रुपये कार्यक्रम की व्यवस्थाओं जैसे भोजन, पंडाल आदि में खर्च किए जाएंगे।
पहले नहीं मिलते थे सिंदूर और चूड़ियां
पुराने नियमों के अनुसार, दुल्हन को केवल 35,000 रुपये खाते में भेजे जाते थे और 10,000 रुपये तक के उपहार मिलते थे। कार्यक्रम आयोजन पर प्रति जोड़े 6,000 रुपये खर्च किए जाते थे। उस समय उपहार में सिंदूर और चूड़ियां नहीं दी जाती थीं। अब नए संशोधन से यह योजना और अधिक परंपरागत व भावनात्मक रूप से समृद्ध हो गई है।





