गुजरात में एक व्यक्ति को भारतीय वायुसेना (आईएएफ) और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) से जुड़ी संवेदनशील जानकारी पाकिस्तानी एजेंट को भेजने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) के वरिष्ठ अधिकारी सिद्धार्थ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सहदेव सिंह गोहिल कच्छ का रहने वाला है और हेल्थ वर्कर के तौर पर काम करता है। वह 2023 में एक पाकिस्तानी महिला एजेंट से व्हाट्सएप के जरिए जुड़ा, जिसने खुद को अदिति भारद्वाज बताया था। इसके बाद गोहिल ने आईएएफ और बीएसएफ की नई या निर्माणाधीन साइटों की तस्वीरें और वीडियो इस महिला को भेजे।

जासूसी का खुलासा
सिद्धार्थ ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गोहिल भारतीय सुरक्षा एजेंसियों से जुड़ी जानकारी पाकिस्तानी एजेंट के साथ साझा कर रहा है। 1 मई को उसकी जांच की गई, जिसमें पता चला कि पाकिस्तानी एजेंट ने गोहिल से आईएएफ और बीएसएफ की जगहों की तस्वीरें और वीडियो मांगे थे।
सिम कार्ड बनाकर किया व्हाट्सएप एक्टिव
अधिकारी ने बताया कि गोहिल ने 2025 की शुरुआत में अपने आधार कार्ड से एक सिम कार्ड खरीदा और वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) के जरिए उस नंबर पर व्हाट्सएप एक्टिवेट कर दिया। इसके बाद उसने सभी तस्वीरें और वीडियो उसी नंबर पर भेजे, जिनका फोरेंसिक जांच में पता चला कि वे पाकिस्तान से संचालित हो रहे थे।
#WATCH | Ahmedabad | Gujarat ATS SP K. Siddharth says, “Gujarat ATS arrested Sahdev Singh Gohil, a multipurpose health worker from Kachchh… We had information that he had been sharing information related to BSF and IAF with a Pakistani agent… The accused was called here for a… pic.twitter.com/khuGRItadZ
— ANI (@ANI) May 24, 2025
जासूसी के बदले नकद इनाम
सिद्धार्थ ने कहा कि गोहिल को इस काम के लिए एक अज्ञात शख्स ने 40,000 रुपये नकद भी दिए थे। यह गिरफ्तारी जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के दौरान हुई है, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। गोहिल उन दस लोगों में शामिल है जिन्हें हाल ही में जासूसी के संदेह में पकड़ा गया है, जिनमें एक यूट्यूबर, एक व्यवसायी और एक सुरक्षा गार्ड भी हैं।





