भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 2000 रुपये के नोट को लेकर एक नया अपडेट जारी किया है। RBI के मुताबिक, भले ही इन नोटों को वापस लेने की घोषणा दो साल पहले की गई थी, लेकिन अब भी 6,266 करोड़ रुपये मूल्य के 2000 रुपये के नोट चलन में हैं। यह आंकड़ा 30 अप्रैल 2025 की स्थिति पर आधारित है।

गौरतलब है कि RBI ने 19 मई 2023 को 2000 रुपये के नोटों को चलन से हटाने की घोषणा की थी। उस समय कुल 3.56 लाख करोड़ रुपये मूल्य के 2000 रुपये के नोट प्रचलन में थे। RBI के अनुसार, इनमें से 98.24% नोट अब तक वापस आ चुके हैं।
इन नोटों को जमा करने या बदलने की सुविधा 7 अक्टूबर 2023 तक देशभर की सभी बैंक शाखाओं में उपलब्ध थी। हालांकि, 19 मई 2023 से रिजर्व बैंक के 19 निर्गम कार्यालयों पर इन्हें बदलने की सुविधा अब भी जारी है।
RBI ने यह भी बताया कि 9 अक्टूबर 2023 से उसके निर्गम कार्यालय 2000 रुपये के नोट लोगों और संस्थाओं से स्वीकार कर रहे हैं, जिन्हें उनके बैंक खातों में जमा किया जा रहा है। साथ ही, लोग भारतीय डाक के माध्यम से भी ये नोट RBI के किसी भी निर्गम कार्यालय में भेज सकते हैं, जिसके बाद राशि सीधे उनके बैंक खाते में जमा हो जाती है।





