HomeHaridwarदेहरादून: VIP कार्यक्रम और धनतेरस को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी, इन रास्तों...

देहरादून: VIP कार्यक्रम और धनतेरस को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी, इन रास्तों पर रहेगा रूट डायवर्जन

Date:

देहरादून:राजधानी देहरादून में 6 नवंबर को प्रस्तावित जनसभा, पुलिस लाइन में आयोजित होने वाली अलंकरण परेड और धनतेरस पर्व को देखते हुए यातायात पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। शहर में एक साथ कई आयोजनों और त्योहार के चलते यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए परेड ग्राउंड और पुलिस लाइन के आसपास जीरो जोन घोषित किया जाएगा। वहीं, शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का रूट डायवर्ट रहेगा। यातायात पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने की अपील की है।

## परेड ग्राउंड के आसपास रहेगा जीरो जोन, इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन

जनसभा के दौरान रोजगार तिराहे से सीजेएम तिराहा होते हुए लैंसडाउन चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। सर्वे चौक से ओरिएंट चौक और लैंसडाउन चौक जाने वाले वाहनों को रोजगार तिराहे से कनक चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

वहीं, बुद्धा चौक से क्रॉस रोड जाने वाले वाहन एमकेपी के रास्ते गुजरेंगे। आराघर चौक से ईसी रोड जाने वाले वाहनों को सीएमआई चौक, एमकेपी चौक और बुद्धा चौक होते हुए सुभाष रोड की ओर भेजा जाएगा।

## जनसभा में आने वाली बसों के लिए अलग रूट निर्धारित

जनसभा में शामिल होने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाली बसों के लिए विशेष रूट और पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

– **हरिद्वार और ऋषिकेश:** यहां से आने वाली बसें रिस्पना पुल, धर्मपुर, आराघर, द्वारका स्टोर और सर्वे चौक होते हुए रोजगार तिराहे तक पहुंचेंगी। यात्रियों को पानी की टंकी के पास उतारने के बाद बसें सीजेएम तिराहा, एमकेपी और रेसकोर्स होते हुए बन्नू स्कूल में पार्क होंगी।
– **रुड़की, भगवानपुर और आईएसबीटी:** इन क्षेत्रों से आने वाली बसें पटेलनगर मंडी, सहारनपुर चौक, प्रिंस चौक, दर्शनलाल चौक और लैंसडाउन चौक होते हुए दून क्लब के सामने यात्रियों को उतारेंगी। इसके बाद बसें बन्नू स्कूल में पार्क होंगी।
– **सहस्रधारा और रायपुर:** यहां से आने वाली बसें सर्वे ऑफ इंडिया गेट के सामने यात्रियों को उतारेंगी और गुरुद्वारा ग्राउंड में पार्क होंगी।
– **विकासनगर, चकराता और सहसपुर:** इन क्षेत्रों से आने वाली बसें किशननगर चौक, बिंदाल, घंटाघर और ओरिएंट चौक होते हुए दून क्लब के सामने यात्रियों को उतारेंगी। इनकी पार्किंग भी गुरुद्वारा ग्राउंड में रहेगी।

## वीआईपी और सामान्य वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था

जनसभा में आने वाले वीआईपी वाहनों के लिए शेड पार्किंग, कनक चौक मल्टीलेवल पार्किंग और तिब्बती मार्केट मल्टीलेवल पार्किंग निर्धारित की गई है।

छोटे वाहनों के लिए रेंजर्स ग्राउंड, काबुल हाउस पार्किंग और मंगला देवी इंटर कॉलेज में व्यवस्था रहेगी। वहीं, बसों को बन्नू स्कूल ग्राउंड, गुरुद्वारा ग्राउंड और गुरु नानक ग्राउंड रेसकोर्स में पार्क कराया जाएगा।

## पुलिस लाइन के आसपास भी लागू रहेगा जीरो जोन

पुलिस लाइन में आयोजित होने वाली अलंकरण परेड के दौरान नेगी तिराहा से पुलिस लाइन पेट्रोल पंप होते हुए बन्नू स्कूल चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

नेगी तिराहा से बन्नू स्कूल जाने वाले वाहनों को गुरुनानक चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, बन्नू चौक से नेगी तिराहा जाने वाले वाहन गुरुनानक चौक और सूरी चौक होते हुए गुजरेंगे।

अलंकरण परेड में शामिल होने वाले वीआईपी वाहनों के लिए पुलिस लाइन शहीद स्मारक ग्राउंड, प्रशासनिक भवन और एमटी सेक्शन ग्राउंड में पार्किंग रहेगी। सामान्य वाहनों के लिए गुरुनानक ग्राउंड रेसकोर्स निर्धारित किया गया है।

## धनतेरस पर बाजारों के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था

धनतेरस पर बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने अलग-अलग बाजारों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं।

– **धर्मपुर बाजार:** रेसकोर्स क्षेत्र में पार्किंग।
– **नेहरू कॉलोनी:** जीएसटी ऑफिस के दोनों ओर लिंक रोड पर पार्किंग।
– **रिस्पना क्षेत्र:** राजीव नगर में विधानसभा तिराहे के पास सड़क किनारे पार्किंग।
– **प्रेमनगर बाजार:** दशहरा ग्राउंड में पार्किंग।
– **रायपुर शिव मंदिर बाजार:** मालदेवता रोड पर पार्किंग।

इसके अलावा सहस्रधारा, रायपुर, राजपुर और डालनवाला क्षेत्र से आने वाले वाहन सर्वे चौक के पास, काबुल हाउस, मंगला देवी इंटर कॉलेज, कनक चौक मल्टीलेवल पार्किंग और एमडीडीए कॉम्प्लेक्स में पार्क किए जा सकेंगे।

चकराता रोड और जीएमएस रोड से आने वाले वाहनों के लिए जनपथ कॉम्प्लेक्स बिंदाल और रेंजर्स ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। ईसी रोड, रिस्पना पुल और धर्मपुर क्षेत्र से आने वाले वाहन रेंजर्स ग्राउंड, दरबार साहिब और राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स में पार्क हो सकेंगे।

सहारनपुर चौक और पटेलनगर क्षेत्र से आने वाले वाहनों के लिए पुराना बस अड्डा, पुलिस कार्यालय और नगर निगम परिसर में पार्किंग निर्धारित की गई है। पलटन बाजार आने वाले दोपहिया वाहन गांधी इंटर कॉलेज और सीएनआई स्कूल में पार्क किए जा सकेंगे। रेंजर्स ग्राउंड, सीएनआई स्कूल, नगर निगम, पुलिस कार्यालय और गांधी इंटर कॉलेज में पार्किंग दोपहर 3 बजे से उपलब्ध होगी।

## पलटन बाजार में सुबह 10 से रात 9 बजे तक लोडिंग वाहनों की नो एंट्री

धनतेरस पर पलटन बाजार में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष प्रतिबंध लगाए गए हैं। यहां सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक लोडिंग वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। व्यापारियों को सुबह 10 बजे से पहले ही माल की लोडिंग और अनलोडिंग का काम पूरा करना होगा।

वन-वे व्यवस्था के तहत वाहन केवल राजा रोड से पीपल मंडी होते हुए दर्शनी गेट की ओर जा सकेंगे। पलटन बाजार के व्यापारियों के वाहनों को टोकन के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा। इसके अलावा शहर में सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

## विक्रम और सिटी बसों के रूट में भी बदलाव

जनसभा और धनतेरस के दौरान यातायात का दबाव कम करने के लिए विक्रम और सिटी बसों के संचालन मार्गों में भी बदलाव किया गया है।

– विक्रम संख्या-3 धर्मपुर से प्रिंस चौक, तहसील चौक, एमकेपी और सीएमआई चौक होते हुए संचालित होंगे।
– विक्रम संख्या-5 और 8 रेलवे स्टेशन से वापस होंगे।
– विक्रम संख्या-2 सहस्रधारा क्रॉसिंग से वापस किए जाएंगे।
– विक्रम संख्या-1 केवल ओरिएंट चौक तक आएंगे।
– प्रेमनगर और कोलागढ़ रूट के विक्रम बिंदाल कट से वापस होंगे।

राजपुर रोड की सिटी बसें तहसील चौक, दर्शनलाल चौक और घंटाघर होते हुए संचालित होंगी। विश्वनाथ सेवा की बसें चुना भट्ठा से चलेंगी। वहीं, रायपुर रोड से घंटाघर जाने वाली सिटी बसें सर्वे चौक और बहल चौक होते हुए गुजरेंगी।

## बाजारों में भीड़ बढ़ने पर लागू होगा अतिरिक्त डायवर्जन

यातायात पुलिस ने जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त डायवर्जन की व्यवस्था भी की है। पलटन बाजार, धामावाला बाजार, मच्छी बाजार और पीपल मंडी में यातायात का दबाव बढ़ने पर सभी प्रकार के वाहनों के लिए जीरो जोन लागू कर दिया जाएगा। इस दौरान केवल पैदल यात्रियों को प्रवेश मिलेगा।

सर्वे चौक पर यातायात का दबाव बढ़ने पर रायपुर से आने वाले वाहनों को कर्जन रोड तिराहे से म्यूनिसिपल रोड की ओर भेजा जाएगा। घंटाघर पर दबाव बढ़ने की स्थिति में राजपुर रोड से आने वाले वाहनों को ओरिएंट चौक से कनक चौक और दर्शनलाल चौक से आने वाले वाहनों को लैंसडाउन चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

वहीं, धर्मपुर चौक पर यातायात का दबाव बढ़ने पर माता मंदिर रोड से आने वाले वाहनों को रेसकोर्स और नेहरू कॉलोनी तिराहे से धर्मपुर जाने वाले वाहनों को फव्वारा चौक की ओर भेजा जाएगा।

## नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 1500 रुपये जुर्माना

एसपी ट्रैफिक जया बलूनी ने बताया कि नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर ट्रैफिक क्रेन के माध्यम से वाहन टो किया जाएगा और 1500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने शॉपिंग कॉम्प्लेक्स संचालकों को अपनी बेसमेंट पार्किंग आमजन के लिए खोलने के निर्देश दिए हैं। ऐसा नहीं करने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि त्योहारी सीजन में निजी वाहनों का कम से कम इस्तेमाल करें और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दें। अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए समय रहते खरीदारी पूरी करें। हालांकि, एंबुलेंस, पुलिस और अग्निशमन जैसी आवश्यक सेवाओं के वाहनों का आवागमन किसी भी स्थिति में बाधित नहीं किया जाएगा।
Selected text

1200 675 28040938 thumbnail 16x9 dehradun traffic aspera


Latest stories

पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के बड़े भाई का निधन, सीएम धामी समेत कई नेताओं ने जताया शोक

देहरादून: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र...

होटल विवाद पर आमने-सामने कांग्रेस और बीजेपी, कांग्रेस के धरने के बाद काले झंडे लेकर सड़क पर उतरे भाजपा कार्यकर्ता

हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार स्थित होटल अलकनंदा को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप...

उत्तराखंड में बड़ा सड़क हादसा: गंगनानी के पास नदी में गिरी इनोवा, चार लोगों की मौत

उत्तरकाशी (उत्तराखंड): उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय...

त्रिपुरा में BSF जवानों पर हमला, कई घायल; हथियार छीनने की कोशिश, 8 आरोपी गिरफ्तार

अगरतला। त्रिपुरा के बॉक्सानगर इलाके में सीमा सुरक्षा बल...